भारत में संशोधित नागरिकता एक्ट (Citizenship Amendment Act) को लेकर बवाल पसरा है. देश के कई हिस्सों में नए नागरिकता कानून को लेकर हिंसक विरोध प्रदर्शन (Violent Protest) हो रहे हैं. नए नागरिकता कानून को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं. सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि नागरिकता कानून को लेकर लोगों के संदेह को दूर किया जाए, लेकिन इसको लेकर लोगों के मन में संशय बना हुआ है.
नागरिकता कानून की बहस के बीच बांग्लादेश में नागरिकता हासिल करने के तरीके को जानना दिलचस्प होगा. आप शायद जानकर हैरान होंगे कि अगर आपके पास पैसा है तो आप बांग्लादेश की नागरिकता खरीद भी सकते हैं. सुनने में ये थोड़ा अटपटा लगे लेकिन ये सच है कि पैसे खर्च किए जाएं तो बिल्कुल बांग्लादेश की कानून के मुताबिक वैध तरीके से बांग्लादेश की नागरिकता हासिल की जा सकती है.
नागरिकता को लेकर चल रही बहस के बीच में ये जानना अपने आप में मजेदार है कि जिस बांग्लादेश के धार्मिक आधार पर प्रताड़ित गैरमुस्लिमों को भारत की नागरिकता देने के लिए कानून बनाया गया है. वहां की नागरिकता पैसों के जरिए हासिल की जा सकती है.
पैसे के दम पर हासिल की जा सकती है बांग्लादेश की नागरिकता:-
बांग्लादेश के नागरिकता के कानून के मुताबिक, निवेश के जरिए भी वहां की नागरिकता हासिल की जा सकती है. बांग्लादेश ने 2017 में नागरिकता को लेकर नया कानून बनाया है. इसके मुताबिक अगर बांग्लादेश में निवेश किया जाता है, तो सरकार वहां के स्थायी निवासी होने का प्रमाणपत्र के साथ नागरिकता भी दे सकती है. कोई भी विदेशी बांग्लादेश में निवेश करके वहां का स्थायी निवासी या नागरिक बन सकता है.
कितनी रकम के निवेश पर बन सकते हैं स्थायी निवासी:-
बांग्लादेश के नागरिकता के नियमों के मुताबिक अगर कोई आदमी वहां 75 हजार यूएस डॉलर यानी करीब 53 लाख रुपए का निवेश गैर-प्रत्यावर्तनीय निधि (non-repatriable funds) में करता है, तो वो वहां का स्थायी निवासी माना जाएगा. उसे वहां के स्थायी निवासियों वाली सुविधाएं हासिल होंगी. 53 लाख के निवेश के बाद वो जब तक चाहे बांग्लादेश में रह सकता है. कितनी भी बार बांग्लादेश आ-जा सकता है. उसे बांग्लादेश आने जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होगी.
इतने का निवेश कीजिए और बन जाइए बांग्लादेशी नागरिक:-
इसी तरह से बांग्लादेश के नागरिकता कानून के मुताबिक अगर कोई शख्स बांग्लादेश में कम से कम 5 लाख यूएस डॉलर यानी करीब 3.5 करोड़ रुपए का निवेश करता है तो वो बांग्लादेश की नागरिकता हासिल करने के योग्य माना जाएगा. यानी 3.5 करोड़ के निवेश पर कोई भी आदमी बांग्लादेश का नागरिक बन सकता है.
उसी तरह से अगर कोई शख्स 10 लाख यूएस डॉलर यानी करीब 7 करोड़ रुपए बांग्लादेश के किसी अधिकृत फायनेंसियल इंस्टीट्यूशन में ट्रांसफर (non-repatriable funds में) करता है, तो वो नागरिकता के योग्य माना जाएगा. यानी बांग्लादेश के किसी बैंक में 7 करोड़ रुपए ट्रांसफर कीजिए और बांग्लादेश के नागरिक बन जाइए.
शुरुआती तौर पर सिर्फ ये शर्त रखी गई है कि स्थायी निवासी या नागरिकता हासिल करने के लिए निवेश non-repatriable funds में होनी चाहिए. हालांकि निवेश के बाद मिला मुनाफा या सैलरी repatriable हो सकता है.
बांग्लादेश अपने यहां निवेश को बढ़ावा दे रहा है. इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसा कानून बनाया गया है. बांग्लादेश अपने यहां योग्य निवेशकर्ताओं और उद्यमियों को आमंत्रित कर रहा है ताकि देश के विकास को रफ्तार मिले.
हालांकि ऐसे कई देश हैं जो पैसों के बल पर अपने यहां की नागरिकता प्रदान करते हैं. इनमें अमेरिका और ब्रिटेन से लेकर यूरोप तक के देश शामिल हैं. सभी अपने यहां निवेश के नाम पर ही नागरिकता देने का वादा करते हैं.
