भोपाल. मुरैना जिले की जौरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक बनवारी लाल शर्मा का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। बनवारी लाल शर्मा ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के विधायक थे। बनवारी लाल शर्मा का निधन भोपाल के कैंसर अस्पताल में हुआ। वो लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। उनकी उम्र 66 साल के थे। कैंसर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। हाल ही में मुख्यमंत्री कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस विधायक बनवारी लाल शर्मा की नातिन की शादी में एक साथ दिखाई दिए थे।
कम हुईं कांग्रेस की सीटें:-
बनवारी लाल शर्मा के निधन से प्रदेश में कांग्रेस की सीटें कम हो गई हैं। झाबुआ उपचुनाव जीतने के बाद कांग्रेस पूर्ण बहुमत में आ गई थी लेकिन अब बनवारी लाल शर्मा के निधन के बाद मध्यप्रदेश में कांग्रेस की 114 सीटें हो गई हैं।
2018 में भारी मतों से जीते थे बनवारी लाल शर्मा
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में बनवारी लाल शर्मा को 56,187 वोट मिले थे। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार को हराया था। 2013 के विधानसभा चुनाव में बनवारी लाल शर्मा भाजपा उम्मीदवार सूबेदार सिंह से चुनाव हार गए थे। 2013 में हार का अंतर करीब 2 हजार वोट था।
कांग्रेस में शोक की लहर:-
बनवारी लाल शर्मा लंबे समय से बीमार थे। बनवारी लाल शर्मा के निधन पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने शोक प्रकट किया है। बनवारी लाल शर्मा के निधन के बाद जौरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा।
सीएम कमलनाथ ने कहा- उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति:-
मध्य प्रदेश के सीएम कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा- जौरा के विधायक, हमारे परिवार के सदस्य बनवारी लाल शर्मा के दुःखद निधन का समाचार मिला। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे, उनका निधन मेरे लिये एक व्यक्तिगत क्षति है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं हैं, ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे और परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।
मध्य प्रदेश के लोक स्वास्थ और परिवार कल्याण मंत्री तुलसी सिलावट ने जौरा विधायक बनबारी लाल शर्मा के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि उन्होंने राजनीति में अपने कार्यों से उच्च आदर्श स्थापित किए हैं। हम सबको उनके द्वारा स्थापित आदर्शों से सदैव मारदर्शन मिलता रहेगा। स्वास्थ मंत्री ने बनबारी लाल शर्मा को श्रदांजलि देते हुए ईश्वर से चरणों मे स्थान देने और उनके परिवार, क्षेत्र की जनता को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
शिवराज ने प्रकट किया शोक:-
मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जौरा विधायक के निधन पर शोक प्रकट किया है। शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा- जौरा विधायक बनवारी लाल शर्मा जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!
