Breaking

Monday, January 27, 2020

जब 60 साल की महिला से 20 वर्षीय युवक ने रचाई शादी, मिस्ड कॉल के जरिए हुआ था प्यार

मुरादाबाद (उत्तरप्रदेश)। शादी-ब्याह के मामलों में लड़के और लड़की के बीच हमेशा से ही उम्र का फासला रहा है। प्रेम संबंधों के बारे में भी कुछ ऐसी ही मान्यताएं हैं, कि दो लोगों को एक दूसरे से किसी भी उम्र में, किसी भी हालात में प्यार हो सकता है। लेकिन फिर भी उम्र के फासलों की एक सीमा तक ही कल्पना की जा सकती है। मुरादाबाद के रामपुर में एक ऐसी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है जिसके बारे में सुनकर लोग दांतों तले उंगली दबा लेते हैं। रामपुर के सैदनगर की रहने वाली एक 60 वर्षीय महिला से 20 साल के युवक ने शादी रचा ली है। इस शादी को लेकर आस-पास के इलाकों में खूब चर्चा हो रही है। युवक हरदोई का रहने वाला है। बताया गया कि दोनों गलती से मिस्ड कॉल के जरिए एक दूसरे के करीब आए थे।दो साल पहले हरदोई निवासी यह युवक अपने मोबाइल फोन से कहीं कॉल कर रहा था। इसी दौरान गलती से फोन कहीं और लग गया। 60 वर्षीय उक्त महिला ने फोन रिसीव किया, जिसके बाद दोनों के बीच फोन पर बराबर बातचीत होने लगी। फोन पर बात के दौरान दोनों एक साथ जीने मरने की कसमें खाने लगे।महिला ने युवक को बताया था कि उसके पति की मौत हो चुकी है और उसके पास करीब 12 बीघा जमीन है। शादी के बाद युवक को उसके साथ गांव में रहना होगा। इसके बाद युवक शनिवार को महिला के घर पहुंच गया और दोनों ने शादी कर ली। महिला की बेटी को जब पता चला कि उसकी मां ने शादी रचा ली है तो वह अपनी ससुराल से मायके पहुंच गई और शादी का विरोध किया। मामला थाने तक भी पहुंच गया। दोनों पक्ष थाने गए। महिला और युवक ने कहा कि उन्होंने आपसी रजामंदी से शादी रचाई है। इसके बाद पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की।