Breaking

Saturday, February 29, 2020

मां की मौत की बात कहकर गई लुटेरी दुल्हन फिर लौटी नहीं, फोन कॉल से खुल गया उसका राज

भोपाल। क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को एक शातिर दुल्हन और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। यह दोनों शादी करने के बहाने शिकार को फंसाते थे। बाद में दुल्हन मां की मौत की कहानी बनाकर जेवरात और नगदी लेकर रफूचक्कर हो जाती थी। इस गिरोह के दो लोगों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। लुटेरी दुल्हन ने कोटा, जयपुर और जबलपुर में इस प्रकार की वारदात कबूल की है। इनके निशाने पर उम्रदराज लोग रहते थे। फिलहाल पुलिस ने कोलार के एक रिटायर्ड इंजीनियर से ठगी के मामले में महिला और उसके साथी को पकड़ा है। महिला से ठगे गए जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। एएसपी क्राइम ब्रांच निश्चल झारिया के अनुसार कोलार रोड स्थित सर्वधर्म कॉलोनी में रहने वाले पीड़ित रिटायर्ड इंजीनियर हैं। एक साल पहले उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई। थी। उनका इकलौता बेटा कोलकाता में रहता है।
अकेलेपन से परेशान होकर उन्होंने कुछ दिन पहले शादी का विज्ञापन दिया। इसके बाद उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम शंकर दुबे बताया और अपनी एक परिचित महिला से उनकी शादी कराने की बात की। 20 फरवरी को मंदिर के सामने शंकर की मौजूदगी में रिटायर्ड इंजीनियर ने महिला से शादी कर ली। शादी के बाद महिला को उन्होंने अपनी पहली पत्नी के रखे 15 तोले के जेवरात पहनने के लिए दिए।
मां की मौत पर मांगे दस हजार, 13वीं के लिए 40 हजार:-
पुलिस जांच में सामने आया कि शंकर ने साजिश के तहत शादी के दूसरे दिन फरियादी से कहा कि रानी की मां की तबीयत खराब है। उसे सतना जाना है, उसके जाने के लिए बुजुर्ग ने दस हजार स्र्पए दिए और 15 तोले के जेवर लेकर चली गई। दूसरे दिन शंकर ने मां की मौत की जानकारी दी और तेरहवीं के लिए 40 हजार रुपए और मांगे। रिटायर्ड इंजीनियर ने यह रकम देने के लिए भी हामी भर दी।
कोटा से आया फोन तब ठगी का हुआ अंदेशा:- 
रिटायर्ड इंजीनियर के पास कोटा राजस्थान से एक फोन आया और उसने अपना परिचय राजकुमार शर्मा के रूप में दिया। उसने बताया कि दस दिन पहले रानी नाम की महिला से उसकी शादी हुई थी। वह सतना में उसकी मां की मौत का कहकर गई और उसका साथी जेवर और 50 हजार रुपए ले गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पा रही है। आपका नंबर मुझे मिला, आप उनके परिचित हैं क्या? इतना सुनते ही मामला समझने में उनको देर नहीं लगी है।
पैसे देने के लिए बुलाया और किया गिरफ्तार:-
एएसपी झारिया ने बताया कि रिटायर्ड इंजीनियर की शिकायत आने के बाद आरोपित को पकड़ने के लिए पैसे देने के लिए भोपाल बुलाया और हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद पूरा मामला सामने आया। शंकर का असली नाम रामफल शुक्ला निवासी ग्राम उतेली और लुटेरी दुल्हन रानी उर्फ सुनीता ग्राम उतेली निवासी सतना के रूप मे हुई है। कोलार में बुजुर्ग से ठगे गए 15 तोला सोने के जेवर और नकदी 10 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है। आगे और खुलासे हो सकते हैं।