इटारसी (होशंगाबाद)। इटारसी के मेहरागांव सी केबिन के पास शुक्रवार की शाम करीब 5.30 बजे एक युवती रेल पटरी पर दौड़ती नजर आई। वह एक युवक से नाराज होकर बहस भी कर रही थी। लोगों की सूचना पर पुलिस दोनों को थाने ले गई। मामला प्रेम प्रसंग का बताया गया है।
युवक रोकने के लिए आवाज लगाते हुए दौड़ रहा था:-
पुलिस के मुताबिक शाम को एक युवती पटरी पर दौड़ लगा रही थी। उसके पीछे एक युवक उसे रोकने के लिए आवाज लगाते हुए दौड़ रहा था। फिर कुछ देर तक दोनों पटरी पर ही झगड़ने लगे। ये दृश्य वहां आसपास रहने वाले लोगों ने देखा तो पुलिस को खबर कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें थाने ले गई। यहां पूछताछ में दोनों रोने लगे। उन्होंने बताया कि वे एक-दूसरे से बहुत प्रेम करते हैं। किसी बात पर उनका झगड़ा हो गया था तो युवती गुस्से में पटरी पर चली गई थी।
पुलिस ने किया परिजनों को सूचित:-
एसआई सोनम डडोरे ने बताया कि दोनों बालिग हैं। यहां पर सब्जी काटने के कटर बेचने के लिए आए थे। वे फेरी लगाकर कुछ भी सामान बेचते हैं और अपना परिवार चलाते हैं। दोनों भोपाल के निवासी हैं। युवती के माता पिता नहीं हैं। दो छोटे भाई हैं। दोनों की परवरिश युवती ही करती है। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। दोनों ही कम शिक्षित हैं। इसलिए जो रोजगार मिलता है, करते हैं। युवक के पिता भोपाल में कबाड़े का काम करते हैं। दोनों के परिजनों को सूचना दी है। उनके आने पर सुपुर्द कर दिया जाएगा।