भोपाल/ राज्यसभा की रेस में कई लोग मैदान में हैं। कांग्रेस की तरह बीजेपी में भी कई दावेदार हैं। लेकिन वर्तमान समीकरण के हिसाब से बीजेपी के खाते में जाती हुई दिख रही है। फिर भी दावेदारों की सूची लंबी है। तमाम दावेदारियों के बीच बीजेपी की तरफ से राज्यसभा की रेस में दो नाम सबसे आगे चल रहे हैं। इसके साथ ही तीसरा नाम लोगों के लिए काफी चौंकाने वाला हो सकता है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा उम्मीदवार का नाम चौंकाने वाला हो सकता है। इसके लिए पार्टी ने अपने बड़े नेताओं को लगा दिया है। नामांकन के दौरान तय हो जाएगा कि इन चुनावों के बहाने कौन सा दल कौन सा दांव चलता है। खबरों के अनुसार यह चर्चा है कि प्रभात झा फिर से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। प्रभात बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। वर्तमान में वह राज्यसभा सांसद हैं और उनका कार्यकाल भी नौ अप्रैल को खत्म हो रहा है।
दो नाम सबसे आगे:-
राज्यसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही बीजेपी में दावेदार रेस हो गए हैं। इस रेस में दो नामों की चर्चा सबसे ज्यादा है। भाजपा से प्रभात झा फिर से दावेदारी कर रहे हैं। हालांकि इस बार उनका तीसरा टर्म होगा। वष्ठिता के आधार पर उनकी दावेदारी प्रबल है। इसके साथ ही पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के नाम की भी चर्चा है। सूत्रों के अनुसार अभी तक रेस में यहीं दोनों नेता सबसे आगे हैं।
ये भी हैं दावेदार:-
इन दोनों नामों के अलावे भी कई दावेदार रेस में शामिल हैं। एससी-एसटी कोटे से लालसिंह आर्य और रंजना बघेल के नाम हैं। उधर विनोद गोटिया और विजेश लुनावत के नाम पर भी विचार पार्टी कर सकती है। भाजपा प्रदेश चुनाव समिति दावेदारों का एक पैनल बनाकर भेज सकती है। केंद्रीय संगठन उम्मीदवार का अंतिम फैसला करेगा।
राम माधव का नाम सबसे चौंकाने वाला:-
वहीं, भाजपा महासचिव राम माधव को भी मध्यप्रदेश से राज्यसभा में भेजे जाने पर विचार चल रहा है। राम माधव संघ से भाजपा में पहुंचे हैं। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए राम माधव को ऑब्जर्वर बनाया था। हालांकि, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा का कहना है कि राज्यसभा चुनाव की रणनीति के लिए जल्द ही वरिष्ठ नेतृत्व के साथ बैठकर चर्चा होगी। कार्य के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा।