Breaking

Thursday, March 12, 2020

देश के कई शहरों में ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास है अकूत संपत्ति, 200 मिलियन डॉलर का है महल

ग्वालियर। ज्योतिरादित्य सिंधिया बीजेपी में शामिल हो गए हैं। ऐसे में ज्योतिरादित्य सिंधिया के बारे में लोग सब कुछ जानना चाहते हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर राजघराने से आते हैं। उनकी दादी भी जनसंघ से जुड़ी रही हैं। बीजेपी में शामिल होने के बाद हम आपको बताते हैं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास कितने की संपत्ति है। बताया जाता है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास देश और विदेश के शहरों में अकूत संपत्ति है।
सिंधिया परिवार के ज्यादातर लोग बीजेपी से जुड़े रहे हैं। उनके पिता माधवराव सिंधिया कांग्रेस की राजनीति करते रहे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया की दोनों बुआ बीजेपी में हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राज सिंधिया बीजेपी की नेत्री हैं। इसके साथ ही यशोधरा राजे सिंधिया मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की सरकार में मंत्री रही हैं। आइए अब आपको बताते हैं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया की संपत्ति के बारे में।
संपत्ति को लेकर चल रहा है विवाद:-
वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया का अपने तीन बुआ के साथ करीब तीस साल से संपति का विवाद चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सिंधिया परिवार के पास करीब 40 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति है। बताया जाता है कि साल 2017 में ज्योतिरादित्य सिंधिया की तरफ से कोर्ट से बाहर मामला निपटाने का निवेदन भी किया गया था। कोर्ट ने भी उनके निवेदन पर कहा था कि आप सभी लोग पढ़े लिखे हैं, कोर्ट से बाहर भी मामले का निपटारा कर सकते हैं।
देश के कई कोर्ट में चल रहा था विवाद:-
बताया जाता है कि सिंधिया घराने की संपत्ति का विवाद देश के कई हिस्सों में चल रहा था। जिसमें बॉम्बे, दिल्ली, पुणे, जबलपुर और ग्वालियर कोर्ट में हैं। इन सभी मामलों में अभी तक कोई फैसला नहीं हो पाया है।
कई कंपनियों में शेयर:-
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आजादी के बाद सिंधिया परिवार के पास करीब सौ से ज्यादा कंपनियों के शेयर थे। जिसमें बॉम्बे डाइंग भी शामिल है। इस परिवार के पास सिर्फ ग्वालियर में ही दस हजार करोड़ की संपत्ति है। इनमें प्रमुख रूप से जय विलास पैलेस, सख्य विलास, सुसेरा कोठी और कुलेठ कोठी शामिल हैं। इसके साथ ही प्रदेश के दूसरे शहर में भी तीन हजार करोड़ की संपत्ति है, इसमें शिवपुरी और उज्जैन में एक महल शामिल है।
दिल्ली में भी हजारों की संपत्ति:-
सिंधिया परिवार के पास दिल्ली में भी सात हजार करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें दिल्ली स्थित ग्वालियर हाउस, सिंधिया विला और राजपुर रोड में एक प्लॉट शामिल है। यहीं नहीं उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी परिवार के पास अचल संपत्ति है। वाराणसी में पद्म विलास नाम का एक महल है। गोवा में भी इस परिवार की संपत्ति है। मुंबई में करीब बारह सौ करोड़ की संपत्ति इस परिवार के पास है।
400 कमरों का महल:-
ज्योतिरादित्य सिंधिया की संपत्ति में सबसे ज्यादा चर्चा ग्वालियर स्थित महल की होती है। यह महल 400 कमरों का है। 1874 में यूरोपियन शैली में उनके निवास यानी महल का नाम जयविलास पैलेस है। इस शाही महल के 40 कमरों में अब म्यूजियम है। जबकि महल की सीलिंग पर सोने जड़े हुए हैं। वर्तमान में इस महल की कीमत 200 मिलियन डॉलर है।