हरियाणा। गुजरे जमाने के सुपरस्टार धर्मेंद्र का ढाबा सील कर दिया गया है। हरियाणा के करनाल में करनाल जीटी रोड पर स्थित 'Hi-Man' ढाबे पर यह कार्रवाई की गई है। बीती 14 फरवरी को Dharmendra ने ही करनाल आकर इसका उद्घाटन किया था। जानकारी के मुताबिक, करनाल नगर निगम ने पुलिस बल को साथ लेकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया था। टैक्स संबंधी पुराने मामले में यह कार्रवाई की गई है। Dharmendra ने कुछ ही समय पहले यह ढाबा खरीदा था। ऑनरशिप चेंज हुई लेकिन नगर निगम में प्रॉपर्टी टैक्स नहीं चुकाया गया। खबर है कि जब निगम के कर्मचारी ढाबा सील करने पहुंचे तो वहां मौजूद ढाबे के स्टाफ से उनकी हाथापाई भी हुई। अभिनेता ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
खुद जोरशोर से किया था ढाबे का ऐलान:-
खुद धर्मेंद्र ने अपने इस ढाबे के बारे में फैन्स को जानकारी दी थी। उन्होंने 14 फरवरी (वेलेंटाइन्स डे) की ओपनिंग से एक दिन पहले ट्विटर और इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए थे। उन्होंने लिखा था, 'डियर फ्रेंड्स, अपने पहले रेस्त्रां की ओपनिंग के बाद अब मैं अपने पहले फार्म टू फॉक रेस्त्रां का ऐलान करने जा रहा रहूं। इसे 'Hi-Man' नाम दिया गया है। मैं आप भी के प्यार और सम्मान की कद्र करता हूं। आप सभी को प्यार....आपका धरम।
देश का पहला फार्म टू फॉक ढाबा:-
दिल्ली चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित यह ढाबा देश का पहला फार्म टू फॉक ढाबा बताया जा रहा है। करनाल हाईवे पर खुद Dharmendra ने 14 फरवरी को सुबह 10.30 बजे इसकी ओपनिंग की थी।
अनाथ बच्चों की पढ़ाई और शहीदों के नाम कमाई का हिस्सा:-
इस रेस्त्रां की कमाई का हिस्सा एक गैर सरकारी संगठन को दिया जाएगा, जो अनाथ बच्चों की पढ़ाई और शहीदों के परिवारों के लिए काम करता है। धर्मेंद्र की योजना है कि ही-मैन ढाबे की ब्रांच विदेश में भी खोली जाए और इसे इंटरनेशनल चैन बनाया जाए।
