Breaking

Sunday, March 15, 2020

दिग्विजय सिंह ने कहा- महाराज आपसे ऐसी उम्मीद नहीं थी, मैं संघ की प्रतिबद्धता की प्रशंसा करता हूं

भोपाल. मध्यप्रदेश की सियासत में इन दिनों खींचतान मची हुई है। मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर से ट्वीट कर ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोला है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने पर दिग्विजय सिंह ने कहा- मुझे आपसे इस तरह की उम्मीद नहीं है। हालांकि दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लेने के बजाए उन्होंने महाराज कहकर संबोधित किया है। दिग्विजय सिंह ने कहा- राज्यसभा की टिकट और मोदी कैबिनेट में मंत्री पद के लिए आपने कांग्रेस और गांधी परिवार को धोखा दिया।
क्या कहा दिग्विजय सिंह ने:-
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा- मैंने कभी यह उम्मीद नहीं की थी कि महाराज ( क्षमा करें, क्योंकि मैं खुद एक सामंती पृष्ठभूमि से आता हूं, मैं उन्हें ज्योतिरादित्य के रूप में संबोधित नहीं करता ) कांग्रेस और गांधी परिवार को धोखा दे सकते हैं। वह भी किसके लिए- मोदी-शाह के अंदर राज्यसभा की सीट और कैबिनेट मंत्री पद ले लिए। मुझे दुख है कि मैंने कभी भी आपसे यह उम्मीद नहीं की थी।
दिग्विजय ने किया बड़ा खुलासा:-
इस दौरान दिग्विजय सिंह ने एक बड़ा खुलासा किया। दिग्विजय सिंह ने कहा- उन्हें भी आज से 50 साल पहले जनसंघ ( अब भाजपा ) में शामिल होने का ऑफर मिला था। लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। उन्होंने बताया कि वे आज भी राजमाता विजया राजे सिंधिया का बहुत सम्मान करते हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि राजमाता ने 1970 में जनसंघ में शामिल होने को कहा था। उस समय वे राघौगढ़ नगर पालिका के अध्यक्ष थे। लेकिन, गोलवरकर के विचारों को पढ़ने और आरएसएस के नेताओं के साथ बातचीत करने के बाद उन्होंने जनसंघ में शामिल होने से मना कर दिया था।
संघ की तारीफ करता हूं:-
दिग्विजय सिंह ने कहा- मैं संघ और भाजपा से बिल्कुल सहमत नहीं हूं लेकिन उनकी विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा करता हूं।