Breaking

Friday, March 6, 2020

बीजेपी विधायक संजय पाठक आये सामने, कहा- मैं बीजेपी के साथ हूं, सत्ता संघर्ष में मेरी हो सकती है हत्या- VIDEO

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में क्लाइमेक्स बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस के साथ-साथ बीजेपी के भी कुछ विधायक गायब हैं। इस दौरान बीजेपी विधायक संजय पाठक पर भी कई आरोप लग रहे थे। अब संजय पाठक मीडिया के सामने आकर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि मैंने सीएम कमलनाथ से कोई मुलाकात नहीं की है। मैं बीजेपी के साथ हूं और बीजेपी के साथ ही रहूंगा।
मीडिया के सामने आकर संजय पाठक ने कई आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि मध्यप्रदेश की सत्ता संघर्ष में हमारी हत्या भी हो सकती है। इसके साथ ही जो खबरें मीडिया में चल रही हैं, वह बिल्कुल भ्रामक है। उसमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने किसी भी कांग्रेस नेता से कोई मुलाकात नहीं की है। यह बिल्कुल ही असत्य है। मीडिया के लोग दूसरी की तस्वीरें दिखाकर जनता में भ्रम फैला रहे हैं।
मेरी हत्या हो सकती है:-
संजय पाठक ने कहा कि मैं रिश्तेदार की बीमारी को लेकर परेशान हूं। मैंने किसी से कोई मुलाकात नहीं की है। मैं बीजेपी में हूं और रहूंगा। साथ ही भारतीय जनता पार्टी के साथ ही बना रहूंगा। मेरे साथ जो हो रहा है वो पूरे प्रदेश की जनता देख रही है। इसमें मेरी हत्या न हो जाए, इसका ख्याल रखिएगा। राजनीतिक लाभ के लिए ये लोग मुझे मारकर फेंक भी सकते हैं।
भ्रम न फैलाएं:-
बीजेपी विधायक संजय पाठक ने मीडिया से अपील की है कि आपलोग हमें लेकर कोई भ्रम न फैलाएं। मैं न तो किसी से मिला हूं और न ही किसी के पास गया हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले दिन में बहुत कुछ अच्छा होगा। मैं यहीं भरोसा दिलाता हूं, आपलोग भ्रम न फैलाएं। दरअसल, संजय पाठक बीजेपी में आने से पहले कांग्रेस में ही थे। कांग्रेस छोड़कर आने के बाद शिवराज सरकार में इन्हें मंत्री बनाया गया था।