Breaking

Sunday, April 26, 2020

प्रदेश में हालात बेकाबू कोरोना के कारण 100 लोगों की मौत, 2052 हुआ संक्रमितों का आंकड़ा

भोपाल. कोरोना संक्रमण से शनिवार को इंदौर और मंदसौर में एक-एक मौत के साथ प्रदेश में 144 संक्रमण के मामले सामने आए। इनमें से सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले इंदौर में आए। इंदौर में अकेले 91 जबकि राजधानी भोपाल में 31 पॉजिटिव केस सामने आए। जबलपुर में 16, इटारसी में 4 और रतलाम और खंडवा में एक-एक मामला सामने आया। इसके साथ ही मध्यप्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा दो हजार के पार पहुंच गया है।
अब तक 100 मौतें:-
मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के कारण अब तक 100 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 2052 लोग संक्रमित हैं। केन्द्र सरकार का एक दल इंदौर में कोरोना नियंत्रण कार्यों पर नजर रखे हुए है। शनिवार को दल ने आधिकारियों के साथ केन्द्र के नए आदेश पर चर्चा की। केन्द्रीय दल के प्रमुख अभिलक्ष्य लिखी ने स्पष्ट किया कि अभी इंदौर इस आदेश पर अमल करने की स्थिति में नहीं है। दुकानें खोलने के निर्देशों पर समझकर निर्णय करें। कोई भी निर्णय शहर के हॉटस्पॉट इलाकों को छोड़कर लिया जाए।
अब तक की स्थिति:-
प्रदेश में अब तक 2052 संक्रमित सामने आ चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा इंदौर में 1176 हैं तो भोपाल में 380 मामले सामने आ चुके हैं। राज्य में अब तक 100 मौतें हो चुकी हैं। वहीं, इंदौर और भोपाल के बाद अब उज्जैन और जबलपुर जिले सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं।
उज्जैन ने बढ़ा दी टेंशन:-
इंदौर-भोपाल के बाद उज्जैन ने शिवराज सरकार की टेंशन बढ़ा दी है। कोरोना वायरस उज्जैन में भी तेजी से पांव पसार रहा है। उज्जैन के साथ दिक्कत यह है कि सैंपल टेस्टिंग की व्यवस्था शहर में नहीं है। ऐसे में रिपोर्ट आने में वक्त लग जाता है। उज्जैन से सैंपल कलेक्ट कर इंदौर या भोपाल भेजा जाता है। इन दोनों जिलों में पहले से हजारों सैंपल पेंडिंग हैं, जिनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। उज्जैन में कोरोना वायरस के कारण 15 लोगों की मौत हो गई है जबकि जिले में सक्रमितों का आंकड़ा 106 हो गया है।