Breaking

Tuesday, April 28, 2020

औरतों की गलत हरकतों के चलते फैला कोरोना संक्रमण, पाकिस्‍तानी मौलाना का अजीब बयान

पाकिस्तान। मौलाना ने कहा कि औरतों ने जो गलत हरकतें की हैं, उसका खामियाजा अब कोरोना की शक्‍ल में भुगतना पड़ रहा है। कोरोना वायरस के कहर से दुनिया जूझ रही है। ऐसे में पाकिस्‍तान के एक मौलाना ने अजीब बयान दिया है जो उन्‍हें विवादों में ला सकता है। उन्‍होंने कोरोना के पीछे औरतों को जिम्‍मेदार ठहराया है। उन्‍होंने कहा है कि कोरोना के कहर के पीछे औरतों द्वारा की गई गलत हरकतें हैं। आज हम जो चारों तरफ बरबादी का आलम देख रहे हैं, यह उसी का नतीजा है। मौलाना तारीक जमील ने कहा है कि औरतों ने जो भी गलत काम किए हैं, उसके एवज में यह कोरेाना नाम की सजा पूरी इंसानियत को मिल रही है। समाचार एजेंसी एएनआई ANI के अनुसार, मौलाना जमील ने यह विवादित बयान पाकिस्‍तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की मौजूदगी में ही दिया। वे यहां पर अहसास टेलीथॉन फंड रेजिंग इवेंट में शामिल होने पहुंचे थे, जिसका लाइव प्रसारण किया गया था।
महिला टीचर्स के छोटे कपड़े कोरोना के लिए जिम्‍मेदार:-
जमील ने दावा किया कि "निजी स्कूलों और विश्वविद्यालयों" में "महिलाओं के छोटे कपड़े" कोरोनोवायरस के प्रकोप के लिए जिम्मेदार हैं। मौलाना ने मीडिया पर भी हमला करते हुए कहा कि एक मीडिया हाउस के एक न्यूज चैनल के मालिक ने उनसे संपर्क किया और उनसे सलाह मांगी। उन्‍होंने उसे कहा था कि 'चैनल पर झूठ मत बोलो'।
विरोध बढ़ने पर मांग ली माफी:-
भारी आलोचना का सामना करने के बाद मौलाना जमील ने शुक्रवार को मीडिया के खिलाफ अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी। हालांकि महिलाओं के बारे में उनकी आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए उन्‍होंने ऐसी कोई माफी नहीं मांगी।
मानवाधिकार आयोग ने लिया आड़े हाथ:-
महिलाओं के खिलाफ मौलाना द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग (HRCP) ने उन्हें कहा कि उन्‍होंने महिलाओं को इस मामले में बेवजह बदनाम किया है।
पाकिस्‍तान में 13 हजार संक्रमित, 279 की मौत:-
पाकिस्तान में कोरोनावायरस के कुल 13 हजार 328 पॉजिटिव मामले आ चुके हैं और अब तक 279 मौतों को दर्ज किया गया है, जबकि 3,039 लोग इस जानलेवा बीमारी से उबर चुके हैं। मालूम हो कि कोरोना वायरस से पूरी दुनिया में अभी तक 2 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 30 लाख से अधिक लोग इसके संक्रमण की चपेट में हैं।