ग्वालियर/भिंड। भाभी से अवैध संबंधों के चलते पति ने पत्नी की देसी कट्टे से गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात सोमवार रात की है। मृतका के चाचा को रात 2:30 बजे फोन पर घटना की जानकारी मिली। इसके बाद मंगलवार सुबह पहुंची पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर पति व सास-ससुर को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कट्टा बरामद कर लिया।
मौ थाने के देवी पुरा गांव निवासी देवेंद्र कुशवाह ने सोमवार रात पत्नी पूनम उम्र 25 वर्ष की किचन में खाना बनाते समय कट्टे से गोली मारकर हत्या कर दी। पूनम के सिर में कान के पास दाहिनी ओर गोली मारी गई। गोली की आवाज सुनकर देवेंद्र की मां विद्यादेवी और पिता भगवान सिंह आ गए।
देवेंद्र ने वारदात को दूसरा रूप देने के लिए आंगन में पड़ी लकड़ी से गोली के घाव को कुरेदा। बाद में घर से भाग निकला। रात 2:30 बजे किसी ने पूनम के मायके एंडोरी थाने के शेरपुर गांव में चाचा रामवरन सिंह कुशवाह को सूचना दी। मंगलवार सुबह मौ के थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा पहुंचे। पूनम के सास-ससुर घर के बाहर बैठे थे। पूनम का चार वर्षीय बेटा भूमित और 11 माह की बेटी लता उर्फ हिमांशी इन्हीं के पास थी।
चाचा ने बताई अवैध संबंधों की बात:-
पति ने पुलिस को बताया कि पूनम से उसका भोजन की बात पर झगड़ा हुआ था, ऐसे में घर में पहले से रखे कट्टे से गोली मार दी। बाद में टीआई राजकुमार शर्मा ने पड़ताल की तो सामने आया कि आरोपित पति का भाभी से प्रेम प्रसंग था। इसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया है।
पूनम के चाचा रामवरन सिंह कुशवाह ने बताया कि 2016 में पूनम की शादी देवेंद्र से हुई थी। दहेज के लिए वह पूनम को प्रताड़ित करता रहता था। देवेंद्र के उसकी भाभी के साथ भी संबंध हो गए थे। इसके चलते ही उसने पूनम को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।
- आरोपित का भाभी से प्रेम प्रसंग था, इसी के चलते हत्या को अंजाम दिया है। पूनम के परिजन की रिपोर्ट पर पति और सास-ससुर पर केस दर्ज किया है। तीनों को गिरफ्तार किया है। कट्टा भी बरामद कर लिया है।
-राजकुमार शर्मा, टीआई, थाना मौ, भिंड-