Breaking

Saturday, May 2, 2020

शिवराज कैबिनेट का विस्तार जल्द, 24 नए मंत्री बन सकते हैं, सिंधिया खेमे के 8 नेताओं को मिलेगा मौका

भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने मंत्रिमंडल का विस्तार लॉकडाउन-3 में कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक 10 मई के आसपास नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। मंत्रिमंडल में अभी पांच सदस्य हैं। मंत्रिमंडव के विस्तार में 22 से 24 नए मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग को देखते हुए पिछली बार की तरह इस बार भी सादगी पूर्ण किया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि पांच-पांच लोगों को एक साथ शपथ दिलाई जा सकती है। उनके जाने के बाद दूसरे लॉट में मंत्री शपथ ग्रहण करेंगे। मतलबत पहले पांच नेता को शपथ दिलाई जाएगी उसके बाद फिर पांच नेताओं को शपथ दिलाई जाएगी। मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर सियासी सुगबुगाहट शुरू हो गई है। बताया जा रहा है मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस संदर्भ में शुक्रवार को फोन पर केन्द्रीय नेतृत्व से चर्चा की है। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 10 मई से पहले दिल्ली जाकर इस संदर्भ में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात भी कर सकते हैं।
सियासी संतुलन बनाना मुश्किल:-
शिवराज सिंह चौहान के सामने सबसे बड़ी चुनौती सियासी संतुलन बनाने की है। सिंधिया गुट के अभी दो मंत्री हैं। लेकिन कमलनाथ सरकार के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाले प्रभुराम चौधरी, प्रद्युमन सिंह तोमर, इमरती देवी, और महेन्द्र सिंह सिसौदिया मंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं। वहीं, सिंधिया के साथ भाजपा में आए बिसाहूलाल साहू, राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, हरदीप सिंह डंग और एंदल सिंह कंसाना को भी मंत्री बनाए जाने का दवाब है। सिंधिया कोटे से आठ नाम हैं ऐसे में भाजपा के खाते में 14 से 16 मंत्री पद आ सकते हैं। जबकि भाजपा की तरफ से करीब 30 दावेदार माने जा रहे हैं।
भाजपा की तरफ से ये नाम हैं दावेदार:-
भाजपा से मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले जिन नामों पर चर्चा चल रही है, उनमें भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव, रामपाल सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, अजय विश्नोई, गौरीशंकर बिसेन, संजय पाठक, विश्वास सारंग, अरविंद भदौरिया, विजय शाह, ओमप्रकाश सकलेचा, जगदीश देवड़ा, यशपाल सिंह सिसोदिया, हरिशंकर खटीक, प्रदीप लारिया, पारस जैन, रमेश मेंदोला, गोपीलाल जाटव, मोहन यादव, राजेन्द्र शुक्ल और सुरेंद्र पटवा के नाम शामिल हैं।