Breaking

Saturday, May 2, 2020

मास्क पहने वर-वधू ने लकड़ियों के सहारे पहनाई एक-दूजे को वरमाला- VIDEO

सुसारी, (धार)। कोराना संक्रमण और लॉकडाउन के चलते शासन के दिशा-निर्देशों के बीच कुक्षी के समीप टोंकी में वर-वधू परिणय सूत्र में बंधे। शारीरिक दूरी का पालन कर 28 अप्रैल को शादी पूरे रीतिरिवाज के साथ हुई। मास्क पहने वर-वधू ने लकड़ियों के सहारे एक-दूजे को माला दूर से पहनाई। ग्राम टोंकी के शिक्षक जगदीश मंडलोई की पुत्री भारती की सगाई अमझेरा निवासी डॉ. करणसिंह निगम के पुत्र तथा अमझेरा में ही पदस्थ पशु चिकित्सक डॉ. राजेश निगम के साथ तय कर शादी की पत्रिका बांट दी गई थी। भारती का शुभलग्न 26 अप्रैल को तय था, लेकिन लॉकडाउन के कारण शादी धूमधाम से नहीं की जा सकी।
वर एवं वधू पक्ष के मुखियाओं ने भीड़ न करते हुए गांव से दूर हनुमान मंदिर में चुनिंदा लोगों की उपस्थिति में शादी करने का निर्णय लिया। मंदिर को पहले सैनिटाइज किया गया। इसके बाद साधारण तरीके से वर-वधू ने एक मीटर दूरी पर खड़े होकर एक-दूसरे को लकड़ी की सहायता से माला पहनाई। लकड़ी से माला पहनाने की युक्ति लड़की के पिता ने सुझाई। शादी के बाद उपस्थितों ने साबुन से अच्छी तरह हाथ धोकर खाना खाया तथा नवदंपती को आशीर्वाद दिया। वर-वधू ने इस दिन को यादगार बनाने के लिए मंदिर पौधारोपण भी किया।