कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने गुरुवार को बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी अपने प्रत्याशियों की घोषणा 30 अगस्त को करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसा इसीलिए करने जा रही है ताकि प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार के लिए अधिक समय मिल सके। उन्होंने बताया कि वे अगले सप्ताह से प्रदेश का दौरा शुरू करेंगे। इसमें हो रही देरी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि जिला व प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक गठन और पुनर्गठन का काम अब पूरा किया जा चुका है, इसे करने के बाद ही उनका जिले में जाना उचित है। एक सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता व संगठन में स्वीकार्य प्रत्याशी के लिए सर्वे करवाया जा रहा है और इसमें ही महिलाओं और युवाओं को चयन में प्राथमिकता होगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोलते हुए कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री भले ही उनकी बात का जवाब ना दें, किंतु उनको प्रदेश के विभिन्न अंचलो में जनता खुद जवाब देने लगी है। जनता उनके मंत्रियों और उनके सांसदों को जवाब दे रही है।
