इंदौर में युवती पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां घर के बाहर बैठी युवती पर एक अज्ञात युवक ने एसिड फेंक दिया. घायल अवस्था में युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.घटना इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र की है जहां गोविंद कॉलोनी में एक युवती अपने घर के बाहर बैठी थी. इसी दौरान एक युवक अचानक युवती के सामने आया, युवती कुछ समझ पाती तब तक युवक ने युवती पर एसिड फेंक दिया और तुरंत फरार हो गया. इसके तुरत बाद युवती के घर वालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया.घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया. खबर की सूचना मिलते ही नजदीकी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है. पुलिस युवती के घर वालों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवती की युवक से पहले से जान पहचान थी या नहीं. उधर युवती का इलाज अस्पताल में चल रहा है युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
