भोपाल। एक अकेली महिला किसी तरह संघर्ष करते हुए अपना और अपनी दो बेटियों का भरण पोषण कर रही थी।अचानक उसकी जिंदगी में एक ट्रैवल्स संचालक आया, नाम है- आदित्य तंवर। उसने ना केवल सहारा दिया बल्कि, प्यार भी जताया और शादी का वादा भी। महिला ने उसकी हर बात पर भरोसा किया। इस बीच दोनों ने कई बार यौन संबंध भी बनाए। आदित्य ने महिला के अश्लील फोटो/वीडियो भी निकाले। आदित्य को ही अपना सबकुछ मान चुकी महिला को आपत्ति नहीं थी। उसकी बेटियां भी आदित्य को अपना पिता मान चुकी थीं। लेकिन कुछ समय बाद आदित्य शादी की बात टालने लगा। प्यार में धोखा खाई महिला ने खुद को संभाला, आदित्य को भूलने की कोशिश करते हुए एक बार फिर नए सिरे से अपनी जिंदगी शुरू करने में लग गई। वह ब्यूटीशियन के तौर पर काम करने लगी लेकिन आदित्य न तो शादी करने को तैयार था, न महिला को छोड़ने को। और शायद इसी मौके के लिए उसने महिला के अश्लील फोटो/वीडियो बना रखे थे। अब वह इनका सहारा लेकर महिला के ब्लैकमेल करने की कोशिश करने लगा। जब महिला डरी नहीं, उसका अपहरण करने जा पहुंचा। यह कहानी है मध्य प्रदेश की राजधानी के कोलार इलाके में रहने वाली एक महिला की, जो उसने पुलिस को बताई है। राजधानी के एमपी नगर थाना प्रभारी उपेंद्र भाटी के मुताबिक 38 वर्षीय महिला अपनी दो बेटियों के साथ कोलार स्थित मायके में रहती है। वह सैलून में बतौर ब्यूटीशियन काम करती है। एमपी नगर थाने आकर महिला ने बताया कि कि आदित्य तंवर से पांच साल पहले उसकी मुलाकात हुई थी। शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करने लगा। शादी की बात करने पर वह हर बार पारिवारिक परेशानियों का हवाला देकर बात टाल देता था।परेशान होकर महिला ने उससे दूरी बनाई तो वह अंतरंग तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। इसके बाद आदित्य उसे फोन पर बदनाम करने की धमकी देने लगा था।जब इससे भी बात नहीं बनी तो गुरुवार रात आदित्य तंवर सैलून पहुंचा और उसे साथ ले जाने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसने हंगामा शुरू कर दिया। उसकी इस करतूत से नाराज महिला एमपी नगर थाने पहुंची और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
