भोपाल SC/ST एक्ट के विरोध में रविवार को मध्य प्रदेश के कई जिलों में सवर्ण समाज द्वारा जेल भरो आंदोलन की शुरुआत की गई. इस दौरान भोपाल सहित कई जिलों में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को अपनी गिरफ्तारी दी. भोपाल में 20 सिंतबर को एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में प्रदर्शन कर रहे ब्रह्म समाज के प्रमुख धर्मेंद्र शर्मा के साथ पुलिस के मारपीट किए जाने पर नाराज सवर्ण समाज के लोगों ने मुंह पर काली पट्टी बांध कर प्रदर्शन किया और बड़ी संख्या में रैली निकालते हुए गिरफ्तारी देने निकले. सवर्ण समाज के लोगों ने आरोप लगाए कि उनके खिलाफ भेदभाव से कार्रवाई की गई.वहीं ग्वालियर में सपाक्स सहित अन्य संगठनों ने 48 घंटे का धरना और क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है. आंदोलन की अगुवाई कर रहे लोगों का कहना है कि जब तक सरकार एक्ट में बदलाव नहीं करेगी तब तक इस तरह के आयोजन लगातार जारी रहेंगे. ग्वालियर में सपाक्स कार्यकर्ता रोज कोई न कोई कार्यक्रम कर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे है साथ ही जनप्रतिनिधियों के आने पर उनका भी विरोध जारी है.जबलपुर में भी कई सवर्ण संगठनों ने रानीताल चौक पर एक सभा की और जेल भरो आंदोलन के तहत गिरफ्तारी दी. आरक्षण के विरोध में आयोजित सभा में सभी धर्म-जाति और समुदाय के लोग शामिल हुए जिन्होंने आरक्षण के नुकसान पर अपना उद्बोधन दिया.इसके अलावा संगठनों ने केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा इस एक्ट का समर्थन करने पर उनके खिलाफ आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी. सभा के बाद सैकड़ों लोग पैदल मार्च करते हुए रानीताल हनुमान मंदिर तक पहुंचे जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान संगठन के लोगों ने नारेबाजी भी की।
