भोपाल। मध्यप्रदेश में तीन बार से सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार को सीधे चुनौती देने के लिए इस बार सपाक्स मैदान में है। इस बार चुनाव बीजेपी के लिए मुश्किल माना जा रहा है। पहले उसके सामने सिर्फ कांग्रेस ही मुख्य प्रतिद्वंद्वी थी लेकिन अब नए संगठन भी मैदान में हैं। इसमें सपाक्स सबसे आगे है। हाल ही में सपाक्स ने एक गाना लॉन्च कर सवर्णों से बदलाव लाने के लिए सरकार बदलने की अपील की है। सपाक्स द्वारा जारी किये गए गाने में सवर्णों से वोटिंग के लिए अपील की जा रही है। दरअसल, सपाक्स आरक्षण का विरोध करता रहा है। सपाक्स का कहना है कि प्रमोशन में आरक्षण जाति का आधार पर नहीं होना चाहिए। वहीं, देश में एससी एसटी एक्ट पर गरमाई राजनीति को लेकर भी सपाक्स ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। ऐसे में सरकार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सपाक्स ने प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। दूसरी ओर सवर्ण आंदोलन को भी सपाक्स का पूरा समर्थन है।
ये राजनीतिक दल भी मैदान में-
सपाक्स अकेला दल नहीं है जो बीजेपी सरकार के खिलाफ पहली बार चुनाव में उतरा है। आप, जयस, अहिंसा समाज पार्टी और गोंडवाना पार्टी भी चुनावी रण में हैं। इनमें से जयस आदिवासी क्षेत्र में काफी मजबूत नजर आ रही है। वहीं सपाक्स भी सवर्णों पर डोरे जाल रही है। अब चुनावी नतीजे ही बताएंगें कौन किस ओर झुक रहा है।