भोपाल। भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र में बीडीए की मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में हरियाणा की 19 वर्षीय विवाहिता को 15 दिन तक बंधक बनाकर सामूहिक ज्यादती का मामला सामने आया है। पांच आरोपितों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया, जिसमें दो नाबालिग भी हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने इस मामले में पहले सिर्फ दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज की, लेकिन जानकारी एसपी साउथ को लगी तो उन्होंने हबीबगंज पुलिस को फटकार लगाकर सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं को बढ़ाया। पीड़िता हरियाणा से भोपाल अपने नाना-नानी के घर आई थी।
अकेला पाकर आरोपित ने नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बंधक बना लिया था-
हबीबगंज पुलिस के अनुसार मूलत: मेवात हरियाणा की 19 वर्षीय युवती की शादी दो साल पहले हुई है। कुछ दिन पहले वह भोपाल में नाना- नानी के घर हबीबगंज आई थी। उसका 15 सितंबर को नानी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो वह सुबह हबीबगंज इलाके में स्थित बीडीए की मल्टी में रहने वाले मामा के घर चली गई। मामा के नहीं मिलने पर वह दिनभर छत पर बैठी रही। तब उसी बिल्डिंग के बगल में रहने वाले17 वर्षीय नाबालिग ने उसे देख लिया। वह शाम के समय उसके पास आया नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोशी की हालत में अपने साथ ले गया।
15 दिन तक यूं लुटती रही आबरू-
मनीष के घर: नाबालिग आरोपित युवती को बेहोशी की हालत में उसी बिल्डिंग में रहने वाले मनीष के घर ले गया। जहां मनीष और एक अन्य नाबालिग ने उसके साथ ज्यादती की। घटना के दूसरे दिन मनीष युवती को कमरे में बंद कर अपने काम पर चला गया।
विशाल के घर: 16 सितंबर को पीड़िता को उसी बिल्डिंग में रहने वाले विशाल के कमरे पर ले जाया गया। वहां विशाल और बेहोशी की दवा सुंघाने वाले नावालिग आरोपित ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसी तरह से गोलू नाम का एक युवक जो विशाल के घर पर ही रुकता है, उसने भी पीड़िता के साथ कई बार ज्यादती की।
राहुल के घर: 29 सितंबर को आरोपित गोलू पीड़िता को राहुल नाम के युवक के कमरे में ले गया था। जहां गोलू ने दिन-रात युवती के साथ दुष्कर्म किया।
बालकनी से शोर मचाया तो महिला ने की मदद-
30 सितंबर को पीड़िता को राहुल नाम के युवक के कमरे में बंधक बनाकर रखा गया था। तब वह किसी तरह बालकनी में पहुंच गई और शोर मचा दिया। इसके बाद एक महिला ने उससे पूछा तो पीड़िता ने पूरा घटनाक्रम बता दिया। तब जाकर पुलिस को जानकारी मिली। पीड़िता ने एफआईआर में साफ कहा था कि उसके साथ युवकों ने मिलकर कई बार ज्यादती की है।
बावजूद इसके हबीबगंज पुलिस ने सिर्फ ज्यादती की धाराओं में केस दर्ज किया था। हबीबगंज पुलिस ने अपने आला अफसरों को भी घटनाक्रम के बारे में गुमराह कर दिया था। लेकिन घटनाक्रम की जानकारी जब एसपी राहुल कुमार लोढा को लगी तो उन्होंने हबीबगंज पुलिस को जमकर फटकार लगाई और मामले में सामूहिक ज्यादती की धाराओं को भी शामिल करवाया।
सामूहिक ज्यादती के तहत केस दर्ज-
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधि विशेषज्ञों से सलाह ली गई। तब जाकर सामूहिक ज्यादती की धारा बढ़ाई। मामले में पांच आरोपितों मनीष, विशाल, गोलू और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। हबीबगंज पुलिस से पूरी जानकारी मांगी गई है।
राहुल कुमार, लोढा एसपी साउथ
