Breaking

Tuesday, February 5, 2019

पत्नी को खुश करने व उसकी ड्रीम कार खरीदने के लिए आरोपी करता था वाहन चोरी

मुंबई। एक शख्स ने अपनी पत्नी को खुश करने और उसके एक आरामदायक जीवन देने के लिए कुछ ऐसा काम किया कि बुरा फंस गया। उसने अपनी पत्नी की ड्रीम कार खरीदने के लिए, महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में दोपहिया वाहनों की चोरी करना शुरू कर दिया। उसकी मदद के लिए इस गैंग में तीन और लोग थे जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके पास से 35 दोपहिया वाहन जब्त किया है। LCB के विशेष दस्ते और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक ऑपरेशन के बाद दोषियों को पकड़ा गया। आरोपियों की पहचान 21 साल के सुशांत मुंडे, 22 साल के गणेश मुंडे और सुनील (बदला हुआ नाम) नाम के एक नाबालिग के रूप में हुई है।सुशांत एक कुख्यात अपराधी है और इससे पहले भी दोपहिया वाहन चोरी के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस जांच में पता चला कि वह इस गिरोह का नेता है। सुशांत और सुनील को पुलिस ने इस सप्ताह की शुरुआत में गिरफ्तार किया था और उनके पास से 20 बाइक जब्त की गई थीं। गुरुवार को इस गिरोह के तीसरे साथी गणेश मुंडे को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से भी 15 से अधिक बाइक जब्त की गईं। अब तक उनके पास से 35 दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जी श्रीधर के मार्गदर्शन में की गई। सुशांत और गणेश करीबी दोस्त थे। वे पुणे में एक कंपनी में काम कर रहे थे। सुशांत इस दौरान एक लड़की से मिला और उससे शादी कर ली।
पत्नी के सपने को पूरा करने की कोशिश-
सभी दोपहिया वाहन बेचने के बाद सुशांत अपनी पत्नी के लिए कार खरीदने जा रहा था। वह उसे नई कार में उसके ऑफिस ले जाना चाहता था। उन्होंने इस वीकेंड एक हॉलीडे ट्रिप की भी प्लानिंग की थी, लेकिन उससे पहले पकड़ा गया।