भरुच। (गुजरात) प्यार में अंधे हुए प्रेमी कुछ भी करने के लिए तैयार रहते है। गुजरात के अंकलेश्वर में भी प्यार का एक दिलचस्प मामला सामने आया है। हालांकि, इस प्रेम कहानी का अंत मीठा नहीं बल्कि कड़वा हुआ है। अंकलेश्वर के कोसमाड़ी गांव की रहने वाले व्यापारी की पत्नी को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। उसकी पत्नी पर आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेज बनाकर प्रेमी से शादी कर ली। जानकारी के मुताबिक, असम के जोरहाट के रहने वाले श्यामसुंदर अग्रवाल, अंकलेश्वर के कोसमडी गांव में स्थित अंबे ग्रीन सिटी के मकान नंबर 124 में रहते हैं और कंस्ट्रक्शन का बिजनेस करते हैं। उनकी पत्नी अंजू श्यामसुंदर अग्रवाल अक्सर सोशल मीडिया में व्यस्त रहती थी। इस दौरान फेसबुक पर उसकी मुलाकात राजस्थान के जयपुर में रहने वाले हेमराज हनुमान बेरू से सोशल साइट पर मिली थी। सोशल साइट की यह दोस्ती प्यार में बदल गई और फिर वो हुआ जो किसी को भी चौंका दे। हेमराज ने अंजु को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाने लगा। अंजू भी उसके प्यार में अंधी होकर झूठ बोलकर बार-बार जयपुर मिलने आती रही। प्यार में डूबे अंजू और हेमराज ने साजिश रची और 2017 से 14-5-2018 के बीच किसी समय, अंजु और हेमराज ने श्यामसुंदर अग्रवाल को एक अंधेरे में रखते हुए 500 रुपए के स्टाम्प पेपर पर अज्ञात नाम लिख दिया और अंजु को तलाकशुदा दिखा दिया। इतना ही नहीं इन्होंने इस पर स्टांप विक्रेता से झूठे सील-सिक्के लगवाकर पति श्यामसुंदर को झूठा तलाक दे दिया। इन झूठे दस्तावेजों के आधार पर अंजू ने हेमराज से शादी कर ली और दोनों ही जयपुर जाकर रहने लगे। श्यामसुंदर अग्रवाल ने घटना के बारे में अंकलेश्वर जीआईडीसी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस द्वारा गहन जांच शुरू करने के तुरंत बाद आरोपी अंजु और हेमराज को जयपुर में अग्रवाल फार्म से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
