देवरी/सागर। लोकायुक्त टीम ने बुधवार सुबह करीब 5 बजे देवरी के तिलक वार्ड निवासी एवं रसेना गांव की प्राथमिक आदिम जाति सहकारी समिति के प्रबंधक चंद्रशेखर ढिमोले के घर छापा मारा। शाम तक उसके पास करीब डेढ़ करोड़ रुपए की संपत्ति का खुलासा हो चुका था।
जानकारी के अनुसार समिति प्रबंधक चंद्रशेखर ढिमोले के खिलाफ वर्ष 2017 में आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच चल रही थी। जांच पूरी होने के बाद बुधवार की सुबह करीब 5 बजे लोकायुक्त डीएसपी राजेश खेड़े के नेतृत्व में टीम और पुलिस समिति प्रबंधक के घर पहुंची। तब परिजन सो रहे थे। टीम ने दरवाजा खुलवाकर परिचय दिया और जांच शुरू की। जिस पर सब हक्के-बक्के रह गए। यह कार्रवाई शाम तक चलती रही।
यह मिली चल-अचल संपत्ति:-
लोकायुुक्त एसपी रामेश्वर यादव के मुताबिक जांच में घर से 1 लाख 33 हजार 550 रुपए कैश, 6 लाख 55 हजार 705 रुपए के सोना-चांदी के जेवर, 19 लाख 98 हजार 954 रुपए का घरेलू सामान मिला। इसके अलावा कृषि भूमि, प्लाट और मकान के 60 दस्तावेज, ट्रैक्टर, बोलेरो, कार एवं बुलेट मोटर साइकिल मिली। उन्होंने बताया कि शाम 5 बजे तक चली जांच में उसके पास 1 करोड़ 50 लाख 39 हजार 952 रुपए की संपत्ति का खुलासा हो चुका था।