Breaking

Friday, October 4, 2019

बहन ने की थी पूर्व मंत्री से लव मैरिज, भाई ने पहले पिलाई लस्सी, फिर गला रेत कर दी बहन की हत्या

मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठमें एक भाई अपनी बहन के प्रेम विवाह से इतना नाराज़ हुआ कि उसने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी. घटना लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर की है. मृतक युवती ने समाजवादी पार्टी के पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री फारूक हसन से प्रेम विवाह किया था. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.
जानकारी के मुताबिक श्यामनगर निवासी राहील जहां का निकाह सात वर्ष पहले अलीगढ़ निवासी खुर्शीद के साथ हुआ था. पांच साल पहले खुर्शीद और राहील का तलाक हो गया था. तलाक के बाद राहील मेरठ आ गई थी. चार साल पहले राहील की मुलाकात सपा नेता और पूर्व शिल्पकारी हथकरघा विभाग के सलाहकार फारुक हसन से हुई और दोनों में प्यार हो गया. चार महीने पहले फारूक ने राहील से कोर्ट मैरिज कर ली. फारूक की ये तीसरी शादी थी. शादी के बाद दोनों कंकरखेड़ा में एक किराए के मकान में रहने लगे. शादी के बाद से राहील के परिवारवाले उससे नाराज थे.
लस्सी पिलाकर किया बेहोश, फिर काटा गाला:-
घटना से चार दिन पहले राहील का छोटा भाई राहत उसे अपने घर श्यामनगर लेकर आया था. घर में उनकी बड़ी बहन बुशरा भी आई थी. बुधवार रात राहत दो कुल्हड़ लस्सी लेकर घर पहुंचा और उसने दोनों बहनों को पीने के लिए दिया. लस्सी पीते ही दोनों बहनें बेहोश हो गयीं. इसके बाद राहत ने राहील के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिया और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद वो फरार हो गया.
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने बताया कि इस हत्याकांड में दोनों पक्ष की भूमिका की जांच की जा रही है. आशंका है कि राहत अकेले इस वारदात को अंजाम नहीं दे सकता. उन्होंने बताया कि राहील को पहले तलाक देने के लिए मनाया गया लेकिन जब वो नहीं मानी तो उसकी हत्या कर दी गयी. शुक्ला ने कहा कि हत्याकांड में और कौन-कौन शामिल हैं वो आरोपी राहत की गिरफ्तारी के बाद साफ हो पाएगा.