Breaking

Saturday, November 2, 2019

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम में मधुमक्खियों का हमला 20 छात्राएं घायल, मंत्री जी देते रहे भाषण- VIDEO

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड में मप्र स्थापना दिवस समारोह में मधुमक्खियों ने छात्राओं पर हमला कर दिया। मंत्री गोविंद सिंह के मुख्य आतिथ्य में चल रहे मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में मधुमक्खियों ने छात्राओं पर हमला कर दिया। 20 छात्राओं को काट लिया।
दर्द से छटपटाती छात्राएं सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए भागती रहीं। 12 छात्राओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल तक ले जाना पड़ा। इस सबके बीच मंत्री गोविंद सिंह का भाषण देते रहे। बताया जाता है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी के दौरान किसी ने मधुमक्खी के छत्ते में पत्थर मार दिया, जिससे वहां भगदड़ की स्थिति बन गई।
रिजर्व पुलिस लाइन के मैदान में शुक्रवार सुबह स्थापना दिवस समारोह में सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ गोविंद सिंह भाषण दे रहे थे। मंच पर विधायक संजीव सिंह, कलेक्टर छोटे सिंह और एसपी रूडोल्फ अल्वारेस मौजूद थे। मंच के सामने मैदान में शिक्षक कमलेश कुशवाह, मधु शर्मा, भारती परिहार और नीतू कुशवाह छात्राओं को सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी करा रहीं थीं। छात्राओं ने लाल रंग की चुनरी ओढ़ी हुई थी। इसी दौरान किसी असमाजिक तत्व ने पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्ते में पत्थर मार दिया। पत्थर लगते ही मधुमक्खी का बड़े झुंड ने अचानक हमला कर दिया। मधुमक्खी ने कई छात्राओं और शिक्षिकाओं को काट लिया। बचने के लिए सभी पास खड़े वज्र वाहन में जाकर छिप गए। 
वज्र में बेहोश हुई छात्रा, डॉक्टर बुलाए:-
वज्र वाहन में गईं छात्राओं को मैदान में मधुमक्खी काट चुकी थी। वज्र में जाकर सभी ने लाल चुनरी हटाई। यहां छात्राओं की खैर खबर लेने के लिए उत्कृष्ट स्कूल क्रमांक 1 के प्राचार्य पूरन सिंह चौहान पहुंचे। जिला अस्पताल में डॉक्टर को फोन किया गया। तहसीलदार रामजीलाल वर्मा भी पहुंचे। वज्र में 11वीं कक्षा की छात्रा वैशाली पुत्री अरविंद शर्मा निवासी वीरेंद्र नगर बेहोश हो गई। वैशाली को बेहोश देख साथी छात्राएं घबरा गईं। तहसीलदार ने जिला अस्पताल से डॉक्टर को भेजने के लिए कहा। कुछ देर में डॉ सौरभ जैन पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को मैदान में ही प्राइमरी इलाज दिया। 
शिक्षिका की अंगूठी गिरी, छात्राओं को अस्पताल भेजा:-
मधुमक्खी के हमले में घायल भारती परिहार की बचने के लिए भागते समय अंगुली से सोने की अंगूठी मैदान में गिर गई। मधुमक्खियों का हमला कम हुआ तब श्रीमती परिहार ने मैदान में अंगूठी तलाश की, लेकिन अंगूठी नहीं मिली। श्रीमती परिहार ने बताया कि करीब 10 हजार रुपए कीमत की अंगूठी थी। मैदान से वैष्णवी शर्मा, प्रियांशी भदौरिया, खुशी जैन, राखी शाक्य, आलिया अरशद, सुप्रिया त्रिपाठी, वैशाली शर्मा, कनिष्का तोमर, मुस्कान राजावत, श्रृष्टि दीक्षित, साक्षी मिश्रा, नंदनी ओझा को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। यहां वैष्णवी और प्रियांशी को भर्ती किया है।
इनका कहना है:-
स्थापना दिवस समारोह के दौरान मधुमक्खी के हमले में घायल छात्राओं को इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया है। जांच के लिए मैंने एसपी को पत्र लिखा है। 
-छोटे सिंह, कलेक्टर, भिंड-
समारोह स्थल चेक किया यहां तो कोई छत्ता नहीं लगा। मधुमक्खियों ने तीन बार हमला किया। क्वार्टर के आसपास भी चेक करवा रहे हैं कि मधुमक्खी का झुंड कहां से आया।
-इंद्रपाल सिंह, सूबेदार और प्रभारी रिजर्व पुलिस लाइन भिंड-