आगरा. शराब पीने से रोकने पर पति ने पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी. हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर थाना पहुंच गया. यह देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी हतप्रभ रह गए. हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
हत्या की यह घटना थाना हरीपर्वत इलाके के एत्माद्दौला की है. जहां एत्माद्दौला के सत्ता मुहल्ला निवासी चोब सिंह की बेटी शांति की शादी 17 वर्ष पहले एत्माद्दौला के ही कछपुरा निवासी नरेश से हुई थी. नरेश टीवी रिपेयरिंग का काम करता था. उसके एक सात वर्षीय अंकित और तीन बेटियां हैं. आरोप है कि नरेश शराब पीने का आदी है. पत्नी के रोकने पर वह उनके साथ मारपीट भी करता था. रविवार शाम को भी नरेश शराब पी रहा था. जब शांति ने रोका तो वह गाली गलौज करने लगा. इसी बीच उसने बांक (फरसा या गड़ासा) से पत्नी का गला काट कर उनकी हत्या कर दी. सूचना मिलने पर एसपी सिटी रोहन बोत्रे समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची. इस दौरान फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने लिए हैं.
ढूंढ़ रही थी पुलिस और खुद पहुंचा थाने:-
आरोपी नरेश अपनी पत्नी का सिर एक कनस्तर में रखकर थाने पहुंच गया. थाना प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि नरेश को महिला के कटे हुए सिर के साथ पकड़ लिया गया है. उन्होंने बताया कि पहली नजर में हत्या की वजह शराब पीने से मना करना और पत्नी के अवैध संबंध होने का शक है.
