Breaking

Monday, November 11, 2019

परीक्षा देने आई थी बहन, चचेरे भाई ने होटल में लेजाकर किया रेप

गुरुग्राम. हरियाणा (Haryana) के गुरुग्राम (Gurugram) में एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने महिला के साथ रेप (Rape) किया है. पीड़िता ने रेप का आरोप अपने चचेरे भाई पर लगाया है. इस घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है. कहा जा रहा है कि 24 वर्षीय महिला गुरुग्राम में परीक्षा देने आई थी. दुष्‍कर्म की इस घटना को एक होटल में अंजाम दिया गया.
पुलिस ने बताया कि यह घटना 22 सितंबर की है, लेकिन पुलिस को इसके बारे में बीते शनिवार को जानकारी मिली, जब महेंद्रगढ़ की रहने वाली पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ सुभाष बोकन ने कहा कि महेंद्रगढ़ में अन्य धाराओं के साथ दर्ज Zero FIR के बाद इसे रविवार को गुरुग्राम में महिला पुलिस थाने को ट्रांसफर किया गया है. जांच प्रारंभिक चरण में है और पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है.
गुरुग्राम में परीक्षा देने आई थी:-
पुलिस ने बताया कि पीड़िता गुरुग्राम में परीक्षा देने आई थी. परीक्षा केंद्र पर उसकी मुलाकात चचेरे भाई से हो गई. इसके बाद कथित तौर पर चचेरे भाई ने उसे साथ में होटल में ठहरने के लिए कहा. दोनों ने मिलकर शहर के बस स्टैंड के पास एक होटल में कमरा ले लिया. बोकन ने कहा कि रात को पीड़िता कमरे में सो रही थी, उसी वक्‍त आरोपी ने उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया. उसके बाद उसने उसे धमकी दी कि यदि घटना के बारे में उसने किसी को बताया तो परिणाम बहुत बुरा होगा. बोकन ने कहा कि चूंकि परीक्षा एक दिन बाद थी, लिहाजा पीड़िता ने घटना के बारे में परिवार को नहीं बताया. परीक्षा देकर वह अपने घर लौट गई. कुछ दिन बाद उसने अपने परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद मामले का खुलासा हुआ.