ग्वालियर। एक महिला ने मदद मांगने के बहाने व्यापारी से दोस्ती की फिर कुछ अश्लील फोटो व वीडियो बनाए। इसके बाद ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपए की मांग रख दी। महिला का कहना था कि उसे 10 लाख नहीं मिले तो वह दुष्कर्म का मामला दर्ज करा देगी। घटना दौलतगंज लश्कर की है। महिला जब तक झूठा मामला दर्ज करा पाती उससे पहले ही पीड़ित व्यवसायी ने एसपी को पूरी बात बता दी। इतना ही नहीं महिला से बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी सुनवाई। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने ब्लैकमेल करने वाली महिला व उसके साथी पर मामला दर्ज कर लिया है। दौलतगंज यूको बैंक के पास निवासी ओमप्रकाश (62) पुत्र स्व. पन्नालाल राठौर व्यवसायी हैं। वह विक्रम ऑटो, लोडिंग खरीदने व बेचने का काम करते है। 4 से 5 माह पूर्व उनका परिचित सोनू शर्मा निवासी नाका चन्द्रबदनी उनके पास एक 50 वर्षीय महिला को लेकर पहुंचा। महिला ने उनसे एक विक्रम फाइनेंस कराकर देने के लिए आग्रह किया।
साथ ही बताया कि वह अपने बेटों से लोडिंग:- चलवाएगी। इस पर व्यवसायी ने बताया कि वह पूरा तो फाइनेंस नहीं करा सकता। पर कुछ रकम उसको लगानी पड़ेगी। इस तरह महिला ने घर में आना जाना शुरू कर दिया। महिला ने व्यवसायी से दोस्ती कर ली। एक दिन जब उसके घर कोई नहीं था तो महिला ने उसे प्रसाद दिया। प्रसाद खाने के बाद उसे ज्यादा कुछ याद नहीं है। उसी समय महिला ने उसके साथ अपने कुछ अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। इसके बाद महिला उसी दिन से उसे ब्लैकमेल करने लगी। महिला का कहना था कि उसे 10 लाख रुपए नहीं देगा तो वह दुष्कर्म के मामले में उसे फंसवा देगी फिर जिदंगी भर जेल में सड़ता रहेगा। इससे व्यवसायी परेशान हो गया।
ब्लैकमेल करने वाली को किया ट्रैप:-
15 दिसंबर 2019 को महिला खुद व्यवसायी के घर पहुंची और कुछ देर बात करने के बाद चली गई। 16 दिसंबर को महिला ने फोन कर व्यवसायी को जेएएच कैंपस में बुलाया। वहां पहुंचने पर व्यापारी ने अपने मोबाइल की रिकॉर्डिंग ऑन कर दी। महिला ने 10 लाख रुपए मांगे ऐसा नहीं करने पर दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज कराने की धमकी दी। इसके बाद 17 दिसंबर शाम 4 बजे के लगभग उनके परिचित धर्मेन्द्र शिंदे के मोबाइल से उनके मुंहबोले भतीजे जयदेव जुनेजा के मोबाइल पर कॉल आया। इस नंबर पर महिला ने बात की और 10 लाख रुपए की मांग की। यह कॉल भी रिकॉर्ड किया गया।
अभिभाषक की मदद से पहुंचे पुलिस तक:-
इस मामले में ओमप्रकाश राठौर घबरा गए और अभिभाषक अवधेश सिंह भदौरिया के पास पहुंचे। एडवोकेट भदौरिया उसे लेकर एसपी नवनीत भसीन से मिले और पूरे मामले व सबूतों से अवगत कराया। आवेदन और सभी दस्तावेजों की जांच कर कोतवाली थाना पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। जिस पर शनिवार को पुलिस ने महिला और उसके साथी सोनू शर्मा पर ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कर लिया है।
व्यवसायी ने एक महिला द्वारा दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर ब्लैकमेलिंग की शिकायत की है। जिस पर महिला और उसके साथी पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
-विवेक अष्ठाना, टीआई, कोतवाली थाना-
