भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर। आसमान साफ होने और लगातार बर्फीली हवा के चलने से प्रदेश ठिठुरने लगा है। शुक्रवार को सबसे कम तापमान उमरिया में 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ग्वालियर, दतिया और श्यौपुरकला में तीन डिग्री तापमान रहा। राजधानी में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। साथ ही इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा।
रतलाम, रायसेन, दतिया, धार, टीकमगढ़, श्यौपुरकला, खजुराहो, ग्वालियर, सिवनी, जबलपुर, सागर, उमरिया शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। उधर, शुक्रवार को भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और इंदौर में तीव्र शीतल दिन रहा। मौसम विज्ञानियों ने 30 दिसंबर तक ठंड के तेवर तीखे बने रहने के आसार जताए हैं। साथ ही सागर, रीवा, शहडोल, ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में पाला पड़ने की आशंका जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी एचएस पांडे ने बताया कि हाल ही में उत्तर भारत में भीषण बर्फबारी हुई है। इससे पहाड़ी इलाकों का तापमान काफी नीचे गिर गया है। वहां से लगातार आ रही उत्तरी हवा और आसमान पूरी तरह साफ होने, वातावरण में नमी काफी कम होने से अचानक ठंड बढ़ गई है। पांडे के मुताबिक 30 दिसंबर तक ठंड के तेवर इसी तरह तीखे बने रहने के आसार हैं।
शुक्रवार को चार महानगरों का तापमान:-
शहर अधिकतम न्यूनतम
भोपाल20.56.2, इंदौर20.49.4, जबलपुर20.05.0, ग्वालियर15.23.3, देवास में 4 डिग्री, नीमच में ओस की बूंदें जमी
इंदौर, मालवा-निमाड़। शाजापुर में शीतलहर से 6 डिग्री तक तापमान गिरा है। देवास और नीमच में शुक्रवार को कोल्ड डे रहा। देवास में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया और नीमच में फसलों पर ओस की बूंदें जमी दिखाई दीं। इस मौसम में अधिकांश स्थानों पर सबसे अधिक सर्द रात रही।
स्थान अधिकतम न्यूनतम
देवास 21 4.0
नीमच 25 5.0
शाजापुर 22.4 5.2
रतलाम 23 5.4
उज्जैन 19.5 5.4
मंदसौर 22 6.0
खरगोन 24.5 6.7
धार 22.4 7.7
आलीराजपुर 23 8.0
झाबुआ 25 8.6
बड़वानी 27.3 11.4
खंडवा 23.1 12.4
बुरहानपुर 28 15
शीतलहर की चपेट में जबलपुर संभाग, पारा अचानक 9 डिग्री गिरा:-
जबलपुर। जबलपुर संभाग शीतलहर की चपेट में है। पिछले 5 दिनों से 10 डिग्री सेल्यियस से ऊपर चल रहा न्यूनतम पारा शुक्रवार को 14 डिग्री सेल्सियस से सीधे 9 डिग्री गिरकर 5 डिग्री में आ गया। यह तापमान शहर में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। इसके कारण पूरे शहर में ठिठुरन बढ़ गई। रात के समय अचानक सर्दी बढ़ने के कारण लोग घरों में दुबक रहे। दिन में भी लोग सड़कों और घरों की छतों पर धूप में खड़े नजर आए। सबसे ज्यादा खराब स्थिति सड़कों में जीवन बिताने वालों की रही जिन्होंने जैसे-तैसे रात काटी। प्रदेश के सबसे ठंडे शहरों की सूची में शुक्रवार को जबलपुर रहा। संभाग के कई जिलों में पिछले 24 घंटे के अंतराल में बारिश भी दर्ज की गई है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर:-
शहर के आसमान में फिलहाल बादल नहीं हैं लेकिन संभाग के कई जिलों में हल्की बारिश व बौछार की संभावना व्यक्त की गई है। उत्तर की ओर से चल रही 6 से 8 किलोमीटर की रफ्तार से हवाओं के कारण ठंड अचानक से बढ़ी है। वहीं बारिश की संभावना पश्चिमी विक्षोभ के कारण बनी हुई है। इसके कारण मौसम अस्थिर बना हुआ है और पारा सामान्य से भी नीचे जा रहा है।
ऐसा रहा शहर का तापमान:-
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 5 डिग्री कम है। सुबह की आद्रता 71 प्रतिशत रही जबकि शाम की आद्रता 38 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार मौसम मुख्यत: शुष्क बना रहेगा जबकि जबलपुर व इसके आसपास जिलों में शीतलहर के प्रकोप का पूर्वानुमान है।
पिछले एक सप्ताह का मौसम (डिग्री सेल्सियस में)
दिन अधिकतम न्यूनतम
21 दिसंबर - 24.3 10.6
22 दिसंबर - 24.6 09.2
23 दिसंबर - 24.5 10.6
24 दिसंबर - 26.8 12.2
25 दिसंबर - 22.5 14.0
26 दिसंबर - 21.7 14.4
27 दिसंबर - 20.0 05.0
शीत लहर से कांपा अंचल, 5 जिलों में तापमान 3 डि से के आसपास:-
ग्वालियर। ग्वालियर चंबल संभाग शुक्रवार को शीत लहर की चपेट में रहा। 5 जिलों का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। शिवपुरी, श्योपुर और टीकमगढ़ में तापमान 3 डिसे रहा तो वहीं दतिया 3.1 और ग्वालियर में 3.3 डिसे दर्ज किया गया।
अंचल भर में शीत लहर की वजह से दिनभर लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। कोहरे की वजह से सुबह 7 बजे दृश्यता शून्य पर पहुंच गई, जिससे सड़क, रेल यातायात की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। सड़कों पर वाहन धीमे चले। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में और गिरावट व घना कोहरा छाने के भी आसार हैं।
अंचल में हुई बारिश की वजह से हवा में नमी की मात्रा बढ़ गई है। इससे वातावरण भी ठंडा हो गया है। कोहरा व जम्मू कश्मीर की हवा वातावरण को गर्म नहीं होने दे रही है। इससे न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य नीचे चले गए हैं।
16 दिसंबर से तीव्र शीतल दिन का अहसास हो रहा था, लेकिन शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में आई गिरावट की वजह से रात से ही शीत लहर चलने लगी। जिस वजह से दिन में धूप बेअसर रही। सूर्य अस्त होने के बाद ठंड ने फिर से रफ्तार पकड़ ली। रात में लोगों को अलाव जलाने पड़े। यही स्थिति ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों की रही। प्रदेश में ग्वालियर, श्योपुर, दतिया सबसे ज्यादा ठंडे रहे।
तापमान
ग्वालियर-3.3, शिवपुरी-3, श्योपुर-3, मुरैना-3.7, दतिया-3.1, भिंड-5, बुंदेलखंड, टीकमगढ़-3
छतरपुर-4
