बीना (सागर)। उत्तरप्रदेश आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह संयोजक मुरारी जैन का शव सोमवार सुबह बीना-झांसी रेलवे ट्रैक पर नरेन नदी के पुल के नीचे मिला। वह शनिवार को लखनऊ में आयोजित आम आदमी पार्टी की बैठक में शामिल होने के बाद रविवार को पुष्पक एक्सप्रेस से ललितपुर लौट रहे थे।
उत्तरप्रदेश के ललितपुर जिले के जालौन निवासी मुरारी पिता शिवप्रसाद जैन (61) आम आदमी पार्टी के उत्तरप्रदेश के सह संयोजक थे। मुरारी जैन के भतीजे विवेक जैन ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पास राज्यसभा सांसद संजय सिंह का फोन आया था। उन्हें लखनऊ में आयोजित पार्टी की विशेष बैठक में आमंत्रित किया था।
शनिवार को पुष्पक एक्सप्रेस से लखनऊ गए थे। रविवार को बैठक होने के बाद वह 12533 लखनऊ-छत्रपति शिवाजी टर्मिनस के बीच चलने वाली पुष्पक एक्सप्रेस से ललितपुर आ रहे थे। बी-1 कोच में एक नंबर बर्थ पर वह यात्रा कर रहे थे। विवेक ने बताया यह ट्रेन ललितपुर स्टेशन पर रात 2.36 बजे पहुंचती है।
सुबह करीब 3.45 बजे उन्होंने मुझे फोन पर बताया कि ललितपुर में हमारी नींद नहीं खुल पाई, हम ललितपुर से आगे निकल गए हैं। हमें लेने स्टेशन पर मत आना। आगे जहां ट्रेन रुकेगी, वहीं उतर जाएंगे। इसके बाद मैंने सुबह 4.27 बजे उन्हें फोन किया, लेकिन उनका फोन बंद आ रहा था। इसके बाद परिजनों ने अपने दोस्तों, रिश्तेदारों से बात कर उनके बारे में पूछा, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
सुबह रेल पुल के नीचे मिला शव:-
भानगढ़ पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 7 बजे रेलवे ने रेल पुल के नीचे शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इसी दौरान मुरारी जैन के परिजनों को पता चला कि भानगढ़ थानांतर्गत नरेन नदी के पुल के नीचे अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।
इसके चलते उत्तरप्रदेश भाजपा के कुछ नेताओं ने स्थानीय विधायक महेश राय से संपर्क मृतक के संबंध में जानकारी मांगी। विधायक ने भानगढ़ थाना प्रभारी से बात तो शव की शिनाख्त मुरारी जैन के रूप में हो गई। करीब एक घंटे बाद उनके परिजन सिविल अस्पताल पहुंच गए। साथ ही विधायक महेश राय भी सिविल अस्पताल पहुंचे व परिजनों का सहयोग किया।
जांच कराने की मांग की:-
सिविल अस्पताल पहुंचे मृतक के भतीजे विवेक ने बताया कि उनके चाचा तेज स्वभाव के थे। कोच अटेंडर ने उन्हें स्टेशन आने से पहले उठाया नहीं होगा। इसके चलते उन्होंने फटकार जरूर लगाई होगी। साथ ही वह दूसरों को नियमों का पालन करने की शिक्षा देने वाले थे। वह कभी चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास नहीं करेंगे। वह काफी समझदार थे। इसके चलते परिजनों ने पूरे मामले की बारीकी से जांच की मांग की है। परिजनों की मांग पर थाना प्रभारी सुमित शर्मा ने कहा कि आप लोग को किसी तरह का संदेह है तो आवेदन दे दीजिए, हम उसकी जांच करा लेंगे।