भोपाल. दिग्विजय सिंह के आरोपों के बाद मध्यप्रदेश की सियासत गर्म है। इसी बीच भाजपा ने दिग्विजय सिंह पर बड़ा आरोप लगाया है। भाजपा नेता लोकेन्द्र पाराशर ने पत्रिका से बात करते हुए दिग्विजय सिंह पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह, कांग्रेस के सीनियर लीडर ज्योतिरादित्य सिंधिया को राज्यसभा जाने से रोकने के लिए इस तरह का खेल-खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पास जो जानकारी है उसके हिसाब से कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया को राज्यसभा भेजना चाहते हैं।
क्या कहा लोकेन्द्र पाराशर ने:-
पत्रिका से बात करते हुए भाजपा के स्टेट मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने कहा- दिग्विजय सिंह की राजनीति समाप्त हो रही है और खुद को जिंदा रखने के लिए और कमलनाथ जी से अपना काम निकालने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया को राज्यसभा भेजना चाहते हैं इससे नाराज हैं इसलिए वो इस तरह के आरोप लगा रहे हैं।
कौन सही कौन गलत:-
लोकेन्द्र पाराशर ने कहा- कमलनाथ के खास मंत्री सज्जन सिंह वर्मा कहते हैं कि भाजपा के विधायक टूट रहे हैं और दिग्विजय सिंह कहते हैं कि कांग्रेस के विधायक टूट रहे हैं। भाजपा कमलनाथ की सरकार नहीं गिरा रही है कांग्रेस की सरकार खुद गिर जाएगी।
क्या कहा था दिग्विजय सिंह ने:-
मंगलवार को ट्वीट करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा- भाजपा ने मध्यप्रदेश के कांग्रेस, बसपा और समाजवादी पार्टी के विधायकों को दिल्ली लाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। बसपा की विधायक राम बाई को क्या भाजपा के पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह जी कल चार्टर फ़्लाइट में भोपाल से दिल्ली नहीं लाये? शिवराज जी कुछ कहना चाहेंगे? लेकिन हमें राम बाई पर पूरा भरोसा है वे कमल नाथ जी की प्रशंसक हैं और उनका समर्थन करती रहेंगी।
बता दें कि रामबाई भी कमलनाथ सरकार पर लगातार हमला बोल रही हैं। रामबाई मध्यप्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ गोविंद सिंह पर कई आरोप भी लगा चुकी हैं। वहीं, भाजपा का समर्थन करने के बाद रामबाई को बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी से निलंबित कर दिया था।

