Breaking

Showing posts with label SHAHDOL. Show all posts
Showing posts with label SHAHDOL. Show all posts

Sunday, May 10, 2020

5/10/2020 07:02:00 AM

पिता का इंतजार कर रहा था मासूम बेटा, आज घर पहुंचेगा शव, गांव में एक साथ जलेंगी 9 चिताएं

शहडोल. महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हुआ ट्रेम हादसे में 16 मजदूरों की मौत हो गई। सभी मजदूर मध्यप्रदेश के शहडोल औऱ उमारिया जिले के रहने वाले थे। मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने औरंगाबाद में हुए हृदय विदारक ट्रेन हादसे में मध्यप्रदेश के मृत 16 श्रमिकों के शव मध्यप्रदेश लाने के संबंध में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और रेल मंत्री से बात कर ट्रेन की व्यवस्था करवाई है। मृत श्रमिकों के शव ट्रेन से जबलपुर लाये जा रहे हैं। जबलपुर से इनके शव उनके गृह स्थान भेजे जाएंगे। ट्रेन औरंगाबाद (महाराष्ट्र) से 8 मई को शाम 7 बजे रवाना हुई है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने औरंगाबाद पहुंचे राज्य सरकार के दल से टेलीफोन पर चर्चा कर ट्रेन दुर्घटना में घायल हुए श्रमिकों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने घायल व्यक्तियों की सहायता के लिये एक-एक लाख रूपये देने के निर्देश दिए। दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश पहले ही दे चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस दु:खद घड़ी में शोकाकुल परिवार स्वयं को अकेला नहीं समझे, मैं और मेरी पूरी सरकार आपके साथ खड़ी है।
मासूम बेटे का इंतजार:-
दीपक की शादी कुछ साल पहले हुई थी। एक बच्चा भी है। दीपक के भाई ने बताया कि घटना से पहले फोन आया था। पत्नी से बात करना चाह रहा था लेकिन भाई घर में नहीं था तो बात नहीं करवा पाया था। दीपक का कहना था कि जल्दी ही घर पहुंचेंगे। पता चला है कि सरकार से भुसावल से कोई ट्रेन मिलेगी। उसी ट्रेन से शहडोल आ जाऊंगा। औरंगाबाद हादसे में एक ही गांव के 9 लोगों की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। सभी का शव आज उनके गांव पहुंचेगा।
औरंगाबाद दुर्घटना में मृत श्रमिकों के नाम:-
1. धन सिंह गोंड़ जिला शहडोल 2. निरवेश सिंह गोंड़ जिला शहडोल 3. बुद्धराज सिंह गोंड़ जिला शहडोल 4. अच्छे लाल सिंह जिला उमरिया 5. रबेन्द्र सिंह गोंड़ जिला शहडोल 6. सुरेश सिंह कोल जिला शहडोल 7. राजबोहरम पारस सिंह जिला शहडोल 8. धर्मेन्द्र सिंह गोंड़ जिला शहडोल 9. बिगेंद्र सिंह चैन सिंह जिला उमरिया 10. प्रदीप सिंह गोंड़ जिला उमरिया 11. सन्तोष नापित 12. बृजेश भईयादीन जिला शहडोल 13. मुनीम सिंह शिवरतन सिंह जिला उमरिया 14. दयाल सिंह जिला शहडोल 15. नेमशाह सिंह जिला उमरिया और दीपक सिंह अशोक सिंह गोंड़ जिला शहडोल ।

Sunday, March 8, 2020

3/08/2020 03:04:00 PM

भाजपा MLA के प्रतिष्ठान पर चला बुलडोजर, कहा- मैं मर जाऊंगा लेकिन पार्टी नहीं छोडूंगा

बांधवगढ़ (उमरिया)। सियासी ड्रामे के बीच मध्यप्रदेश में बीजेपी विधायकों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। बीजेपी कार्रवाई की टाइमिंग पर सवाल उठा रही है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस बौखलाहट में ऐसी कार्रवाई कर रही है। बीजेपी सरकार में मंत्री रहे और विधायक संजय पाठक के रिसॉर्ट पर बुलडोजर चला है। प्रशासन के अनुसार रिसॉर्ट के जिस हिस्से पर बुलडोजर चला है, वह अतिक्रमित है।
दरअसल, उमरिया जिले स्थित पूर्व मंत्री और विधायक संजय पाठक के बांधवगढ़ स्थित सायना रिसॉर्ट पर कार्रवाई की गई है। अचानक शनिवार की सुबह पहुची प्रशासन की टीम वहां दल बल के साथ पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। कलेक्टर उमरिया स्वरोचिष सोमवंशी और पुलिस अधीक्षक भी वहां मौजूद रहे। बुलडोजर से अतिक्रमण क्षेत्र में आने वाले निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
कांग्रेस में शामिल होने का दबाव:-
प्रशासन के द्वारा लगातार संजय पाठक के ऊपर कार्रवाई की जा रही है। इस पर विधायक संजय पाठक ने कहा कि मेरे ऊपर काफी दबाव है। मुझे बीजेपी को छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने को कहा जा रहा है। अगर मैं ऐसा नहीं करता हूं तो मेरे और मेरे परिवार के लोगों पर इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। वहीं मेरी जान को भी खतरा है। मैं मर जाऊंगा लेकिन बीजेपी नहीं छोड़ूंगा।
पाठक की खदानें भी सील:-
बीजेपी में शामिल होने से पहले संजय पाठक कांग्रेस में ही थे। शिवराज सिंह चौहान के सीएम रहते हुए वह कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे। उसके बाद उन्हें मंत्री बनाया गया था। उसके बाद से बीजेपी में ही हैं। मध्यप्रदेश में सियासी ड्रामे की शुरुआत के साथ ही उनकी दो खदानें सील की गईं। हालांकि प्रशासन की तरफ से कहा गया कि कोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है।
सुरक्षा भी हटाई गई:-
यहीं नहीं इस पूरे प्रकरण के दौरान संजय पाठक के सुरक्षाकर्मी भी हटाए गए। इसे लेकर भी उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर वर्षों से तैनात जवानों को अचानक से क्यों बदला गया। शुक्रवार को भी वह मीडिया के सामने आए थे, उन्होंने कहा था कि मैं सीएम से नहीं मिला हूं, मेरे बारे में अफवाह फैलाया जा रहा है। सत्ता की संघर्ष में मेरी हत्या हो सकती है।

Monday, March 2, 2020

3/02/2020 08:05:00 AM

मंत्री के सामने नेताजी की हेकड़ी निकालने वाली लेडी 'सिंघम' के घर की माफिया करवाते थे जासूसी

शहडोल। मध्यप्रदेश में अवैध रेत उत्खनन एक बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। यह आरोप लगते रहे हैं कि इसमें कई विधायक शामिल हैं या फिर उनके लोग। शहडोल जिले में मंत्री के सामने ही एक कांग्रेस नेता को खनिज पदाधिकारी ने अवैध खनन को लेकर जमकर हड़काई है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, उसके बाद लोग यह जानना चाह रहे हैं कि आखिर कौन है ये लेडी अफसर।
शहडोल में कांग्रेस नेता की हेकड़ी निकालने वाली खनिज पदाधिकारी फरहत जहां से वहां के खनन माफिया खौफ खाते हैं। मैडम का जिले में टेरर इतना है कि माफिया उनकी घर की जासूसी करवाते हैं कि आखिर वह किसी दिशा में निकलने वाली हैं। यहीं नहीं लेडी सिंघम के मन में डर पैदा करने के लिए माफिया उन पर हमला भी करवाते हैं। सारी चीजें जानने से पहले यह जान लीजिए कि आखिर नेताजी की कलई इस लेडी अफसर ने कैसे खोली।
आपके भाई ही करते हैं अवैध खनन:-
दरअसल, कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं ने मंत्री के सामने खनिज अधिकारी और विभाग पर अवैध खनन करने और बड़े माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। खनिज अधिकारी फरहत जहां ने भी फिर कांग्रेस नेता को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि हम कार्रवाई करते हैं। आपके भाई और परिवार के लोग ही अवैध खनन और रेत की चोरी कराते हैं।
माफिया कराते थे घर की जासूसी:-
शहडोल में पोस्टिंग के बाद से ही खनिज अधिकारी फरहत जहां रेत माफियाओं के खिलाफ एक्शन मोड में हैं। अवैध खनन करने वाले लोगों में फरहत जहां का खौफ इतना है कि माफिया एक समय में इनकी घर की जासूसी करवाते थे। पूर्व में माफिया इनके घर के सामने अपने लोगों को खड़ा रखते थे। ताकि लेडी अफसर की मूवमेंट के बारे में जानकारी मिल सके। जासूस के द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर माफिया अलर्ट हो जाते थे।
वाहन में की थी तोड़फोड़:-
खनिज अधिकारी से डर इतना था कि माफियाओं ने कार्यालय के सामने पहुंचकर खनिज निरीक्षक के वाहन में तोड़फोड़ किया था। अक्टूबर 2018 में घटित घटना में दो नकाबपोश लोग शामिल थे। पुलिस में खनिज अधिकारी ने इस हमले को शिकायत भी दर्ज कराई थी। यहीं नहीं खनन के खिलाफ जब यह कार्रवाई करने गई थी तब पटासी गांव में माफिया ने लेडी अफसर पर पथराव भी किया था।
मालामाल हुआ शहडोल:-
यहीं नहीं फरहत जहां ने अपने कार्यकाल के दौरान के दौरान पांच माफियाओं के वाहनों को राजसात भी कराया। पहले रेत की ग्यारह खदानें थी और उससे राजस्व 11 करोड़ आता था। अब राजस्व 44 करोड़ पहुंच गया है। दो साल के दौरान खनिज अधिकारी फरहत जहां ने माफियाओं के खिलाफ 50 से ज्यादा बड़ी कार्रवाई की है। पढ़ाई लिखाई की बात करें तो फरहत जहां ने एनआईटी रायपुर से एमटेक में टॉप किया है।

Saturday, February 29, 2020

2/29/2020 01:04:00 PM

मंत्री के सामने खनिज अधिकारी ने कहा- तुम्हारा पूरा परिवार रेत चुराता है, देखे वायरल- VIDEO

शहडोल। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने भले ही डेढ साल से ज्यादा हो गया है, लेकिन अधिकारियों और नेताओं के बीच अब भी पटरी नही बैठ पा रही है। आए दिन विवाद की खबरे मीडिया में सुर्खियां बन रही है। ताजा मामला शहडोल से सामने आया है जहां कमलनाथ सरकार में खनिज मंत्री के सामने खनिज अधिकारी और कांग्रेसी भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा की अधिकारी ने कहा कि तुम्हारा पूरा खानदान रेत चुराता है। जिसको लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में पुलिस ने बीच-बचाव किया और सबको शांत करवाया। इस दौरान वहां मौजूद कांग्रेसियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
देखे वीडियो गर्मागर्म बहस का
दरअसल, मध्यप्रदेश शासन के खनिज मंत्री प्रदीप जायसवाल अधिकारियों की बैठक लेने शहडोल पहुंचे थे। लेकिन बैठक से पहले ही बवाल मच गया। यहां बैठक मे शामिल होने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खनिज अधिकारी फरहत जहां को घेर लिया और उन पर कांग्रेसियों के खिलाफ कार्रवाई के आरोप लगाए। कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने मंत्री के सामने खनिज अधिकारी और विभाग पर अवैध खनन कराने और बड़े माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। इस दौरान दोनों के बीच जमकर बहस हुई। देखते ही देखते खनिज अधिकारी फरहत जहां और कांग्रेस पदाधिकारी प्रदीप सिंह व साकिर फारूकी के बीच विवाद की स्थिति बन गई। विवाद के बीच महिला खनिज अधिकारी को कोंग्रेस नेताओ ने घेर लिया और जमकर दवाब बनाया गया।
खनिज अधिकारी फरहत जहां ने कहा कि हम कार्रवाई करते हैं। आपके भाई और परिवार के लोग ही अवैध खनन और रेत की चोरी कराते हैं। खनिज अधिकारी ने भी कई आरोप लगाए। इतना ही नही मंत्री प्रदीप जायसवाल के सामने ही काफी समय तक एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद मंत्री सर्किट हाउस से रवाना हुए।