Breaking

Wednesday, September 26, 2018

छेड़खानी की शिकार नाबालिग किशोरी को पुलिस ने 12 घंटे थाने में बैठाया, SP से शिकायत पर हुई FIR दर्ज TI को नोटिस

भोपाल। गुनगा इलाके में एक किसान की बेटी के साथ गांव के युवक ने छेड़खानी कर दी, किसान ने डायल 100 पर शिकायत की तो ड्यूटी पर पहुंचे पुलिस कर्मी ने किसान से रिपोर्ट लिखाने के पैसे मांगे। जब नाबालिग अपनी मां के साथ थाने में रिपोर्ट कराने पहुंची तो नाबालिग 12 घंटे थाने रिपोर्ट लिखाने के लिए पुलिस ने इंतजार कराया, इसके बाद गुनगा पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। घटना के चार दिन बाद बेबस परिवार एसपी नार्थ आफिस पहुंचा। जहां थानाप्रभारी की शिकायत के बाद आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार गुनगा थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाली 13 वर्षीय एक किशोरी के साथ गांव के दशरथ नामक युवक ने 20 सितंबर को अश्लील हरकत कर दी। पीड़िता ने यह बात अपने पिता को बताई, उसने पुलिस को सूचना दी। डायल 100 गांव पहुंची। जहां पर रिपोर्ट लिखाने के लिए पुलिस कर्मी से 500 रुपए मांगे। पीड़िता के पिता ने बताया कि जब पुलिस का रिपोर्ट लिखने का यह शुल्क भी अदा कर दिया तो मामूली धाराओं में आरोपित को थाने से रिहा कर दिया। उसने अपनी नाबालिग बेटी अपनी मां के साथ थाने भेजा। 12 घंटे थाने में इंतजार कराया। लेकिन गुनगा पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। 20 सितंबर की घटना के बाद गुनगा थाने के प्रभारी टीआई बीएस राजपूत की नींद नहीं टूटी। 24 सितंबर को नाबालिग एसपी नार्थ हेमंत चौहान के आफिस शिकायत करने पहुंचे। तब जाकर गुनगा थाना प्रभारी को फटकार लगाने के बाद एफआईआर दर्ज हो गई।
इनका कहना है
थाना प्रभारी को नोटिस जारी किया है। जानकारी के बाद उनकी जांच के निर्देश दिए गए हैं 
नीरज सोनी एएसपी जोन 4
यह गंभीर मामला है। इस प्रकार से नाबाालिग के साथ घटना हुई। पुलिस ने एफआईआर करने में देरी की जानकारी मिली है। इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
राघवेंद्र शर्मा अध्यक्ष बाल आयोग