दुबई एशिया कप में रविवार को भारत और पाकिस्तान की टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले 19 सितंबर को भारत ने आठ विकेट से जीत हासिल की थी। आज जीतने वाली टीम का फाइनल में स्थान पक्का हो जाएगा। भारत ने सुपर-4 के पहले मैच में बांग्लादेश को हराया। वहीं, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर जीत दर्ज की। आज हारने वाली टीम अगर फाइनल में पहुंचना चाहती है तो उसे सुपर-4 का आखिरी मुकाबला हर हाल में जीतना ही होगा। भारत और पाकिस्तान 10 साल बाद एक एशिया कप में दूसरी बार आमने-सामने हो रही हैं। इससे पहले 2008 में पाकिस्तान में हुए एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच दो मुकाबले हुए थे। तब पहले में भारत और दूसरे में पाकिस्तान जीता था। भारतीय टीम अगर इस मैच में पाकिस्तान को हरा देती है तो 10वीं बार एशिया कप के फाइनल में स्थान बनाएगी। पिछले नौ फाइनल में उसे छह में जीत और तीन में हार मिली। पिछली बार 2016 (टी-20 फॉर्मेट) में वह चैम्पियन बनी थी। भारतीय टीम के कॉम्बिनेशन में बदलाव की संभावना कम ही है। कप्तान रोहित शर्मा दो तेज गेंदबाज और तीन स्पिनर के साथ ही मैदान पर उतरना चाहेंगे। दुबई की पिच भी स्लो रही है, जिससे स्पिनर्स को ज्यादा मदद मिल रही है। चोटिल हार्दिक पंड्या की जगह आए रविंद्र जडेजा ने बांग्लादेश के खिलाफ चार विकेट लेकर अपनी दावेदारी पेश की है। ऐसे में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ तीन विकेट लेने वाले खलील अहमद को शायद बाहर बैठना होगा। बल्लेबाजों में शिखर धवन नंबर एक पर हैं। उन्होंने तीन मैचों में एक शतक की मदद से 213 रन बनाए हैं। रोहित चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने तीन मैचों में 158 रन बनाए। रोहित के नाम दो अर्धशतक भी हैं। गेंदबाजों में भुवनेश्वर कुमार छह विकेट लेकर अफगानिस्तान के राशिद खान (7 विकेट) के बाद दूसरे स्थान पर हैं। जसप्रीत बुमराह ने पांच और रविंद्र जडेजा ने चार विकेट लिए। केदार जाधव, कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल ने तीन-तीन विकेट लिए हैं।
