भोपाल| बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की उम्मीद अभी ख़त्म नहीं हुई है। हालांकि बसपा ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। लेकिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को उम्मीद है कि गठबंधन हो सकता है| हाथी और हाथ के तालमेल की बातचीत जारी है। सपा से भी चर्चा जारी है, कमलनाथ ने कहा आज सुबह की अखिलेश यादव से चुनावी समझौते को लेकर बातचीत हुई है। कमलनात भोपाल में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। बता दें कि बसपा ने जिन सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं, वे उतनी ही सीट हैं, जिन पर बसपा अपने प्रत्याशी खड़ा करने की मांग कर रही थी। ऐसे में अभी भी दोनों दलों के बीच गठबंधन की संभावना बनी हुई है। दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर कई दौर की बैठक भी हो चुकी हैं, लेकिन एट्रोसिटी एक्ट को लेकर हो रहे विरोध के चलते कांग्रेस ने गठबंधन में देरी की है।
राम अचल राजभर बोले नही होगा गठबंधन बीजेपी नागनाथ ओर कांग्रेस सांपनाथ-
इन सब घटनाक्रम के बीच बीएसपी के राष्ट्रीय महासचिव राम अचल राजभर का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। एक साक्षात्कार में राजभर ने बीजेपी को नागनाथ और कांग्रेस को सांपनाथ कहा। उन्होंने कांग्रेस के साथ एमपी में गठबंध की बात को भी सिरे से नकार दिया। दरअसल, बीएसपी ने अपनी 22 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने ऐलान किया है वह सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इससे पहले दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की अटकलें चल रही थी। लेकिन राजभर ने गठबंधन के सवाल पर बीएसपी का स्टैंड साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ किसी भी तरह से गठबंधन की कोई संभवाना नहीं है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन मायावती ने फैसला लेते हुए सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। जब उनसे कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने जवाब में कहा कि बीजेपी नागनाथ है और कांग्रेस सांपनाथ। हम दोनों ही दलों से दूरी बनाते हुए चुनाव लड़ेंगे। पार्टी जल्द ही 208 सीटों पर अपनी उम्मीदवारों की घेषणा करेगी। एससी एसटी एक्ट पर हो रहे आंदोलन के सवाल पर राजभर ने कहा कि इस आंदोलन के पीछे बीजेपी और आरएसएस के लोग हैं। ये देश में शांति भंग करना चाहते हैं।
