नई दिल्ली। पिछले कुछ महीनों में बच्चों और युवतियों के साथ शेल्टर होम में दुराचार व प्रताड़ना सम्बंधी काफी खबरें आईं लेकिन देश की राजधानी दिल्ली से अब एक अलग ही किंतु भयावह खबर मिली है। यहां एक अधेड़ महिला को शेल्टर होम में इतना प्रताड़ित किया गया कि, सुनकर ही लोग कांप उठें। राजधानी के बाहरी दिल्ली स्थित एक शेल्टर होम में 50 वर्षीय महिला ने इस छावला पुलिस थाने में एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उसने अपने साथ हुई प्रताड़ना की भयावह कहानी बयां की है। पीड़ित महिला ने बताया कि जब भी उसने विरोध में आवाज उठानी चाही तो उसके निजी अंगों में मिर्च पाउडर और गर्म खौलता पानी डाल दिया जाता था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दर्ज शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। ममाला पहले दिल्ली महिला आयोग के संज्ञान में आया था, इसके बाद थाने को सूचित किया गया। महिला आय़ोग की एक अधिकारी ने बताया कि शेल्टर होम की जांच के लिए आय़ोग के द्वारा एक स्पेशल टीम भी बनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला को सरकारी शेल्टर होम निर्मल छाया में स्थानांतरित कर दिया गया है। शिकायतकर्ता महिला ने कहा कि यहां रहने वाले अधिकारियों ने कई बार उसका शोषण किया है। उसने बताया कि उसे कई बार पुरुष कारीगरों के सामने कपड़े उतारने को कहा जाता था, मना करने पर उसके निजी अंगों में मिर्च पाउडर और नमक डाल दिया जाता था। उसे नियमित तौर पर पीटा जाता था और कई मौकों पर गर्म खौलता हुआ पानी उसके उपर डाला जाता था।
