सहारनपुर (यूपी)। हैलो, मैं कराची से बोल रहा हूं. नेपाल बार्डर के रास्ते हमने दो आदमी भेजे हैं, जो भारत में आतंक फैलाएंगे. भारत का प्रधानमंत्री मोदी हैं, जो मुस्लिम विरोधी हैं, उसे भी मार देंगे. सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से आतंकवादियों के रडार पर रहे देश के प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर से आतंकियों के निशाने पर है. इस बार पाकिस्तान के कराची से आई एक फोन कॉल पर प्रधानमंत्री मोदी को मारने की धमकी दी है. धमकी देने वाले शख्स ने पीएम को मुस्लिम विरोधी बताया है. इसके साथ ही देश में दहशतगर्दी और आतंकी हमला करने की बात भी कही है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. मिली जानकारी के मुताबिक, सहारनपुर के देवबंद तहसील के थाना नागल के गांव डंघेडा निवासी जितेंद्र के पास एक कॉल आया. कॉल करने वाले शख्स ने बताया कि वो पाकिस्तान के कराची से बोल रहा है. उसने पीएम मोदी को मारने के लिए नेपाल के रास्ते दो लोगों को भेजा है. इतनी बात सुनते ही जितेंद्र ने पुलिस को कॉल किया और पूरी बात बताई. मजदूरी करने वाले जितेंद्र ने पुलिस को बताया, "फोन करने वाले ने उससे कहा कि मैं कराची से बोल रहा हूं, इसके जवाब में उसने कहा- मैं हिन्दुस्तान से बोल रहा हूं. उसने पूछा कि क्या आप सलीम बोल रहे हैं. जितेंद्र ने भी कह दिया- हां, मैं सलीम बोल रहा हूं. इसके बाद कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि हमने पाकिस्तान से दो आदमी भेजें हैं, जो नेपाल और भारत की सीमा पर मिलेंगे. उनके पास दो एके-47 हथियार और गोला-बारूद, सब कुछ है." जितेंद्र ने बताया कि फोन करने वाले शख्स ने कहा कि ये लोग भारत में दहशत और आतंक फैलाएंगे. उनके निशाने पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं क्योंकि मोदी मुस्लिम विरोधी हैं. इतना सुनने के बाद जितेंद्र के होश उड़ गए. उसने पुलिस को सूचना दी. मामला पीएम मोदी से जुड़ा होने के चलते पुलिस के आलाधिकारी युवक से मिलने उसके गांव पहुंचे. इसके बाद जितेंद्र को सहारनपुर एसएसपी ऑफिस लाया गया और कॉल के बारे में पूरी जानकारी ली गई. इस मामले पर एसपी देहात ने बताया कि हां, थाना नागल डंघेडा गांव निवासी पर इस तरह की कॉल आई थी. जिस नंबर से कॉल आई थी, उसकी जांच की जा रही है.
