Breaking

Wednesday, September 4, 2019

रानू मंडल को सुर कोकिला लता मंगेशकर ने दे डाली नसीहत, इंटरव्यू में कही ऐसी बात

मुंबई: रानू मंडल इंटरनेट पर इन दिनों छाई हुई हैं. हर कोई उनकी जादुई आवाज की तारीफ करते नहीं थक रहा है. रानू की शोहरत का ये सिलसिला शुरू हुआ था लता मंगेशकर के गाने 'एक प्यार का नग़मा' से... रानू रेलवे स्टेशन पर कोने में बैठकर ये गाना गा रही थीं. इस गाने का वीडियो अतींद्र चक्रवर्ती नाम के एक शख्स ने सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. बस लता मंगेशकर के इसी गाने ने रानू तो रातों-रात स्टार बना दिया. वहीं अब रानू मंडल की आवाज और उनकी शोहरत पर खुद स्वर कोकिला लता मंगेशर ने प्रतिक्रिया दी है.
एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में लता मंगेशकर ने रानू मंडल के बारे में बात की है. उन्होंने कहा, 'अगर मेरे नाम और काम से किसी का भला होता है तो मैं अपने आप को खुशकिस्मत समझती हूं. लेकिन मैं ये भी महसूस करती हूं कि नकल करने से आपको लंबे समय तक सफलता नहीं मिल सकती है. किशोर दा, मोहम्मद रफी, आशा भोसले और मुकेश के गाने गाकर आकांक्षी गायकों को कुछ समय के लिए अटेंशन मिलती है लेकिन ये ज्यादा समय तक नहीं रहती'.
नकल मत करो:-
उन्होंने कहा कि 'रिएलिटी शोज में कई बच्चे मेरे गाने बड़ी खूबसूरती से गाते हैं लेकिन उनमें से कम ही होंगे जिन्हें याद रखा जाता है. मैं खुद सिर्फ सुनिधि चौहान और श्रेया घोषाल को जानती हूं'. उन्होंने रानू को नसीहत देते हुए कहा, 'ऑरिजिनल रहो, सभी सिंगर्स के एवरग्रीन गाने गाओ लेकिन कुछ समय बाद गायक को अपना गाना ढूंढना चाहिए'.
रेलवे स्टेशन से बॉलीवुड तक:-
बता दें कि एक वीडियो से रातों-रात स्टार बनीं रानू मंडल अब हिमेश रेशमिया की फिल्म 'हैप्पी हार्डी और हीर' से बॉलीवुड में बतौर प्लेबैक सिंगर डेब्यू कर चुकी हैं. अब तक इस फिल्म में उनके तीन गानों की झलक सामने आ चुकी है और सभी को लोगों ने खूब पसंद किया है. रानू इससे पहले रेलवे स्टेशनों और गली-गली घूमकर गाना गाती थीं और अपना पेट पालती थीं. रानू का ये सफर देखकर उनकी जिंदगी पर बायोपिक बनाने की प्लानिंग भी की जा रही है.