Breaking

Tuesday, October 29, 2019

बड़ी खबर:- कलेक्टर भी नही है सुरक्षित, सरकारी बंगले से लाखों का सामान चोरी

रायपुर। राजधानी की ढीली पड़ी पुलिसिंग का फायदा उठाकर चोर लगातार सूने घरों को निशाना बना रहे है। अब तो चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए है कि आईएएस अफसरों के सरकारी बंगले में भी धावा बोलने से नहीं कतरा रहे है। दरअसल दिवाली मनाने सपरिवार गई बेमेतरा की कलेक्टर शिखा राजपूत की न्यू शांतिनगर स्थित सरकारी बंगले में रविवार रात चोरों ने धावा बोलकर नकदी 40 हजार रुपये समेत सात लाख का जेवर पार कर दिया। घटना के दौरान बंगले का केयर टेकर खाना खाने गया हुआ था। तीन घंटे बाद लौटा तो मकान के पीछे के दरवाजे का कुंदा टूटा और बेडरूम में रखी आलमारी का सामान बिखरा पड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि रविवार की सुबह 11 बजे बेमेतरा जिले की कलेक्टर आईएएस शिखा राजपूत अपने पति राजीव लोचन तिवारी समेत परिवार के साथ दिवाली मनाने के लिए रायपुर से बेमेतरा निकलीं थीं। न्यू शांतिनगर स्थित ई-8 सरकारी बंगले की चाबी अब्दुल कलाम को देकर उसकी देख-रेख करने को कहा था। रविवार की शाम सरकारी आवास की सभी कमरों को बंद कर बाहर से ताला लगाकर अब्दुल कलाम खाना खाने अपने घर चला गया। रात 9.30 बजे जब सोने के लिए वापस बंगले पर आया तो देखा कि मकान के पीछे वाले दरवाजे का कूंदा टूटा हुआ है। अंदर बेडरूम में रखी अलमारियों का सामान भी बिखरा पड़ा हुआ था, जिसकी जानकारी अब्दुल ने बेमेतरा गए आईएएस शिखा राजपूत के पति पेशे से वकील राजीव लोचन तिवारी को दी। बंगले में चोरी की खबर मिलते ही राजीव रायपुर पहुंचे और देर को को सिविल लाइन थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
ये सामान ले गए चोर:-
चोरी हुए सामानों में सोने का मंगलसूत्र, कान के झूमका 10 तोले का, पांच तोले की पांच सोने की चैन, सोने की लाकेट पांच नग, सोने का सिक्का, चांदी की छह जोडी पायल, चांदी की कटोरी, चम्मच, प्लेट, सिक्के, भगवान की मूर्ति, नगदी 40 हजार रुपये, बधाो की केयर टेकर ऋतु बरिहा के अपेक्स बैंक का एटीएम कार्ड, मोबाइल आदि शामिल है। चोरी गए जेवरों की कीमत 6 लाख 72 हजार रुपये बताया गया हैं। पुलिस ने बताया कि चोरों ने बाउंड्री दीवाल को फांदकर पीछे के दरवाजे का कूंदा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
बेमेतरा कलेक्टर की सरकारी बंगले में लाखों के जेवरों के साथ महिला केयरटेकर ऋतु बरिहा का एटीएम कार्ड भी चोर ले उड़े। बाद में उस एटीएम कार्ड से दो बार में 50 हजार रुपए का आहरण भी किया गया। एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे में पैसा निकालते हुए अज्ञात चोर चेहरे पर रुमाल बांधे कैद हुआ है। फूटेज के आधार पर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई हैं।