ग्वालियर/(मध्यप्रदेश)। देखने में भले ही ये चेहरा आपको बेहद मासूम लग रहा है,पर इसके पीछे छिपे क्रूर व खूंखार रूप को आप शायद ही समझ पाएं। ये वो लेडी किलर है, जिसने पहले अपने प्रेमी से उस इंसान का बेरहमी से मर्डर कराया,जो उसे इस दुनिया में सबसे ज्यादा प्यार करता था। इसके बाद इसने उसकी बॉडी के साथ वो हरकत की जो शायद ही कोई करता होगा।
आपको बता दें कि शिवपुरी शहर के गांधी पार्क स्थित मानस भवन के किचन में की गई हत्या का खुलासा पुलिस ने 12 घंटे से पूर्व ही कर लिया। पुलिस को मृतक के पास ही उसकी हत्या का महत्वपूर्ण सुराग मिल गया था। इस निर्मम हत्या की साजिश मृतक की पत्नी ने ही अपने दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर रची थी।
बताया जाता है कि यह महिला इससे पूर्व भी दो लोगों को पति के रूप में रख चुकी है, जिसमें से एक की हत्या,जबकि दूसरे की संदिग्ध हालत में मौत हो चुकी है। पुलिस ने महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर,उनके खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए। गौरतलब है कि शुक्रवार की देर दोपहर मानस भवन की रसोई में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला था। युवक के चेहरे पर पत्थर पटक कर उसकी पहचान छुपाने का प्रयास किया गया था, लेकिन देर शाम उसकी पहचान मुकेश (32) पुत्र चरणदास जाटव के रूप में हुई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने जब मृतक के कपड़ों की तलाशी ली तो उसमें एक महिला चंपा जाटव का फोटो मिला। कोतवाली टीआई बादाम सिंह यादव ने जब महिला के संबंध में जानकारी जुटाई तो पता चला कि बीते 10-12 वर्ष पूर्व मुकेश ने चंपा से कोर्ट मैरिज की थी। यह भी पता चला कि दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। पुलिस ने जब चंपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने मृतक मुकेश जाटव को पति होना स्वीकार किया तथा आए दिन विवाद होने की बात भी बताई।
चंपा ने बताया कि आए दिन विवाद होने की वजह से उसके कल्लू उर्फ मुबारक उर्फ घोड़ा पठान निवासी संजय कॉलोनी शिवपुरी से अवैध संबंध बन गए थे। चंपाबाई ने कल्लू पठान को अपने घर बुलाकर कहा कि मुकेश को हमेशा के लिए शांत कर दो,जिससे हम दोनों एक साथ रह सकेंगे। चंपा के कहने पर कल्लू ने मुकेश को ठिकाने की लगाने की साजिश रची।
हत्या करने के बाद प्रेमी ने चंपा को मोबाइल पर दी सूचना:-
बीते गुरुवार की देर शाम कल्लू अपने साथ मुकेश को लेकर मानस भवन पहुंचा। वहीं पर उसने अपने दोस्त छोटू उर्फ इंद्रिस रजक को फोन करके बुलाया। फिर दोनों ने मिलकर मुकेश की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद कल्लू ने चंपा को मोबाइल पर फोन करके बताया कि मैंने मुकेश की हत्या कर दी है। पुलिस टीम ने वारदात के तीनों आरोपी कल्लू उर्फ घोड़ा पुत्रजहूद खान पठान, छोटू उर्फ इंद्रिस पुत्र पूरन रजक निवासीगण संजय कॉलोनी व चंपाबाई पत्नी मुकेश जाटव निवासी लाल कॉलेज के सामने गांधी कॉलोनी शिवपुरी को गिरफ्तार कर लिया। मामले को ट्रेस करने में कोतवाली पुलिस की भूमिका सराहनीय रही।
