Breaking

Wednesday, December 25, 2019

1200 रुपए में लिखवाए जाते हैं फर्जी रिव्यू, जो ऑनलाइन शॉपिंग से पहले पढ़ते हैं आप

लंदन। अगर ऑनलाइन शॉपिंग करने के दौरान आप भी रिव्यू देखकर चीजें खरीदतें हैं, तो सावधान हो जाएं। दरअसल, कई सेलर्स फेक रिव्यू खरीदते हैं। हालिया रिपोर्ट अमेजन को लेकर आई है। इस कंपनी के प्लेटफार्म पर मौजूद सेलर्स 15 यूरो यानी करीब 1200 रुपए में फेक रिव्यू खरीद रहे हैं। डेलीमेल की जांच में यह जानकारी सामने आई है। यह जानकारी इसलिए अहम है क्योंकि अमेजन पर लगातार क्रैकडाउन किया जा रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि विक्रेताओं को फर्जी रिव्यू बेचने वाली कंपनियों के पास टेस्टर्स की एक ऐसी बड़ी फौज है, जो उत्पादों को खरीदती हैं, ताकि चार और पांच स्टार देकर रिव्यू को ऑनलाइन पोस्ट कर सकें। इन टेस्टर्स को उत्पादों की खरीद का पैसा वापस मिलता है और इसके साथ ही रिव्यू लिखने के लिए एक छोटी सी फीस (1200 रुपए) भी मिलती है।
टेस्टर्स पहले उन उत्पादों को खरीदते हैं, ताकि उनके द्वारा लिखे गए रिव्यू को "अमेजन वैरिफाइड पर्चेजेस" के रूप में वर्गीकृत किया जा सके। जर्मनी की AMZTigers रिव्यू फर्म का दावा है कि अकेले ब्रिटेन में उसके 3,000 टेस्टर्स हैं। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, हम आपको वास्तविक लोगों से वैरिफाइड रिव्यू दिलाने में मदद करते हैं। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, पूरे यूरोप में हमारे 60,000 से अधिक प्रोडक्ट टेस्टर्स रिव्यू को जल्दी और विश्वसनीय रूप से लिखने में माहिर हैं।
अमेजन ने कहा कि यह रिव्यू की अखंडता की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्राहकों को दुर्व्यवहार, धोखाधड़ी और अन्य प्रकार के कदाचार से बचाने के लिए पिछले वर्ष कंपनी ने 30 करोड़ पाउंड खर्च किए थे। कंपनी के एक प्रवक्ता के हवाले से कहा गया कि हमारा उद्देश्य ग्राहकों के देखने से पहले अपमानजनक समीक्षाओं को पकड़ना और निकालना है। पिछले महीने में ग्राहकों द्वारा पढ़े गए 99 फीसद से अधिक रिव्यू प्रामाणिक थे।