इंदौर। पत्नी ने यह कहते हुए पति और उसके स्वजन पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया था कि वे उसे भूखा रखते हैं और फ्लैट खरीदने के नाम पर मायके से 50 लाख रुपए लाने का दबाव बनाते हैं। पति ने आरोपों से इन्कार करते हुए कोर्ट में फोटोग्राफ प्रस्तुत किए। इनमें पत्नी विदेशी डिश और रेड वाइन का सेवन करती नजर आ रही थी। इन्हें देखने के बाद कोर्ट ने माना कि पत्नी ने सिर्फ ससुराल पक्ष को परेशान करने के लिए दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था। देवास निवासी राजकुमार सिंह की शादी करीब आठ साल पहले इंदौर की गोकुल नगर निवासी प्रियारानी सिंह सिसोदिया से हुई थी। शादी के एक साल बाद ही प्रियारानी मायके लौट आई। उसने कनाड़िया थाने में पति और उसके स्वजन के खिलाफ भूखा रखने और दहेज में 50 लाख मांगे जाने की शिकायत की।
शिकायत पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया। प्रकरण की सुनवाई के दौरान पति राजकुमार ने एडवोकेट एमएम मिश्रा के माध्यम से अपना पक्ष रखा। उसने कोर्ट को बताया कि वह मुंबई में मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करता है। शादी के बाद पत्नी को कई देश घुमाने भी ले गया था। पति ने कोर्ट में विदेश यात्राओं के दौरान निकाले गए फोटोग्राफ भी कोर्ट में पेश किए।
एक साल में कोई शिकायत नहीं की:-
मिश्रा ने यह तर्क भी रखा कि प्रियारानी ने जो आरोप लगाया, उस संबंध में उसने एक साल के दौरान कभी कोई शिकायत नहीं की। न्यायाधीश विनीता गुप्ता ने दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद माना कि यह मामला दहेज प्रताड़ना का नहीं है।