Breaking

Sunday, March 17, 2019

लोकसभा चुनाव 2019: कांग्रेस में जाने को तैयार हैं AAP विधायक अलका लांबा

नई दिल्ली। चांदनी चौक से आम आदमी पार्टी (आप) विधायक अलका लांबा कांग्रेस में जाने को तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि अभी उन्हें कांग्रेस में शामिल होने का कोई निमंत्रण नहीं मिला है। हां, अगर कांग्रेस उन्हें मौका देती है तो वह शामिल होंगी। अलका ने कहा है कि अगर इस तरह का कोई प्रस्ताव मिलता है तो यह उनके लिए सम्मान जैसा होगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने 20 वर्षों तक कांग्रेस में काम किया है। भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस से 20 साल पुराना रिश्ता तोड़कर वह पांच साल पहले आप में शामिल हुई थीं। अब एक बार फिर भाजपा को हराने के लिए वह कांग्रेस में वापस जाने को तैयार हैं।
अलका ने यह भी कहा कि बिना बुलाए मेहमान का स्वागत कहीं नहीं होता है। ऐसे में वह कांग्रेस आलाकमान के फैसले का इंतजार कर रही हैं। अब आगे का फैसला कांग्रेस आलाकमान को लेना है। माना जा रहा है कि अलका कांग्रेस के टिकट पर चांदनी चौक से लोकसभा का चुनाव लड़ना चाहती हैं।
बता दें कि आप में अनदेखी की वजह से अलका लंबे समय से नाराज चल रही हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के खिलाफ आप विधायक की तरफ से दिल्ली विधानसभा में लाए गए भारत रत्न सम्मान वापसी प्रस्ताव का विरोध किया था। इस घटनाक्रम के बाद अलका के आप से रिश्ते सही नहीं हो रहे हैं। इससे पहले भी वह कई बार ऐसे संकेत दे चुकी हैं कि वह आप को छोड़ना चाहती हैं।