Breaking

Sunday, March 22, 2020

कोरोना के खिलाफ मध्यप्रदेश ने दिखाया दम, इन जिलों में कैसे हैं हालात, देखें अपडेट्स

इंदौर। मध्यप्रदेश के सभी शहरों में जनता कर्फ्यू जारी है। लोग भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। वहीं भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर दिल्ली से भोपाल आई एक युवती में करोना वायरस के प्रारंभिक लक्षण पाए जाने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। यह युवती रविवार सुबह ही एयर इडिया की उड़ान से दिल्ली से भोपाल पहुंची है। प्रारंभिक जांच में युवती में करोना जैसे लक्षण मिलने के बाद उसे आइसोलेट कर दिया गया है। युवती की स्क्रीनिंग के दौरान उसकी बॉडी का टेंप्रेचर अधिक था। उसे खांसी और श्वास लेने में भी तकलीफ हो रही थी।
भोपाल की सड़कें सूनी:-
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जनता कर्फ्यू प्रभारी ढंग से लगा है। लोग खुद ही अपने घरों में कैद हो गए हैं। इससे एक दिन पहले ही लोगों ने जरूरत का सामान खरीद लिया था, जबकि कुछ लोग जरूरत के सामान के लिए परेशान भी होना पड़ रहा था। क्योंकि दूध जैसी चीजें बाजार में कम पड़ गई थी। हालांकि सांची दूध समेत जरूरत के सामान मिलते रहने के लिए सरकार ने भी प्रबंध किए हैं। आने वाले दिनों में इन सामानों की दिक्कत नहीं होगी।
-भोपाल से गुजरने वाली कई ट्रेनें और बसें नहीं चल रही है। खासकर महाराष्ट्र की तरफ से आने वाली ट्रेनों को बंद कर दिया गया है।
इंदौर पूरी तरह बंद:-
इंदौर शहर भी सुबह से पूरी तरह से बंद है। जरूरत का सामान ही मिल पा रहा है। जबकि सुबह से सफाईकर्मी नजर आए और दूध की दुकानें भी खुली दिखीं। इंदौर नगर निगम ने ड्रोन के जरिए दवा का छिड़काव किया।
छतरपुर में एफआईआर:-
मध्यप्रदेश के छतरपुर में भी थाईलैंड से आए एक युवक पर एफआईआर दर्ज की गई है। उस पर जानकारी छुपाने का आरोप है। प्रारंभिक तौर पर उसे सर्दी और बुखार है।
ग्वालियर में सन्नाटा:-
ग्वालियर और चंबल संभाग में रविवार सुबह से ही जनता कर्फ्यू को भरपूर समर्थन मिल रहा है। यहां लोग घरों से बाहर नहीं निकले हैं।
पहली बार महाकाल मंदिर सूना:-
महाकाल मंदिर में पहली बार ऐसा सन्नाटा पसरा है। यहां इक्का-दुक्का पुजारियों के अलावा कोई दर्शनार्थी मंदिर में नहीं जा रहा है। यहां पहले ही जनता के मंदिर के लिए पट बंद कर दिए गए हैं।
होशंगाबाद का सेठानी घाट पर सन्नाटा:-
होशंगाबाद का सेठानी घाट पहली बार इतना सूना पड़ा है। यहां हर दिन नर्मदा में स्नान करने वालों की भीड़ लगी रहती थी, लेकिन जनता कर्फ्यू यहां भी देखने को मिल रहा है। लोग जनता कर्फ्यू में सहयोग कर इस महामारी से लड़ना चाहते हैं।
पशुपतिनाथ के पट बंद:-
रतलाम के पशुपतिनाथ मंदिर में भी पुजारियों ने पट बंद कर रखे हैं। यहां कोई भी श्रद्धालु नहीं जा रहा है। रोज की तरह इस बार यहां पहली बार सन्नाटा पसरा हुआ है।