ग्वालियर। कोरोना वायरस का प्रकोप अब पूरे देश में आग की तरह फैलने लगा है। भारत में कोरोना वायरस से अब तक 100 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इस जानलेवा संक्रमण को रोकने के लिए कई तरह के सुरक्षा के उपाय बताए जा रहे हैं जिससे की इस संक्रमण से बचा जा सके। जिसमें मास्क का उपयोग भी शामिल है। लोग इस खतरनाक वायरस से बचने के लिए मास्क का उपयोग कर रहे हैं। लेकिन क्या आपको पता है मास्क जितना आपके लिए सुरक्षित है उतना ही आपके लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। यदि नहीं तो आइए जानते हैं कैसे...
उपयोग के बाद ऐसे नष्ट करें अपना मास्क, नहीं तो जानवरों में भी फैल सकता है ये वायरस
दरअसल, भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने मास्क के उपयोग के बारे में निर्देश जारी किए हैं। यदि मास्क का सही तरीके से इस्तेमाल न हो, तो ये नुकसानदायक भी हो सकता है। इसके अलावा अगर मास्क को उपयोग में लेने के बाद नहीं किया गया तो यह बहुत ही खतरनाक साबित हो सकता है। कुछ लोगों को मास्क के सही तरह से इस्तेमाल करने का तरीका भी नहीं पता है। तो आइए जानते हैं कैसे और कब करना चाहिये।
इस तरह करें मास्क का इस्तेमाल:-
अगर आप संक्रमण से बचने के लिए मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं तो इस बात का ख्याल रखें की मास्क को कभी भी सीधे न पकड़ें। उसे हमेशा बांधने वाले धागों से पकड़ें। इसे अपनी नाक, मुंह और ठोडी पर सही तरीके से लगाएं। अगर मास्क पर धातु या कोई भी प्लास्टिक की पत्ती बनी हुई हो तो उसे पकड़कर अपनी नाक दबाकर फिट कर लें। इससे तरह मास्क का इस्तेमाल करने से संक्रमण से बचाव होता है। इसके अलावा यह भी जान लें की एक मास्क लगाने के छह से आठ घंटे में नम हो जाता है, इसे मुंह से हटाते वक्त सावधानी बरतें और सबसे अहम बात की इसे कभी भी इस्तेमाल करने के बाद डस्टबीन या कहीं भी खुली जगह ना फेंके।
मास्क पहनने के दौरान बरतें ये सावधानी:-
- हर 6 घंटे के अंदर मास्क बदल दें।
- गीला होने पर भी मास्क बदला जाना जरूरी है।
- मास्क को इस तरह पहनें कि बीच में कोई गैप ना हो।
- पहनने के बाद मास्क को छूने से बचें।
- किसी भी सूरत में मास्क को अपने गले में लटकाने से बचें।
- मास्क उतारने के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन या सैनिटाइजर से धो लें।
ऐसे करें इस्तेमाल किए मास्क को नष्ट:-
मास्क को इस्तेमाल के बाद उसे कहीं पर भी ना फेंके। इसे घर के साधारण ब्लीच या सोडियम हाइपरक्लोराइट के मिश्रण से साफ कर लें। इसके बाद जला दें या जमीन में गाड़ दें। क्योंकि अगर इन इस्तेमाल किए गए मास्क को सही तरह से नष्ट नहीं किया गया और इन्हें किसी पशु या जानवरों ने खा लिया तो उनमें भी संक्रमण फैल सकता है।