Breaking

Thursday, September 1, 2022

9/01/2022 02:45:00 PM

मूसेवाला के कातिलों पर UAPA लगाया, लॉरेंस-गोल्डी के साथ नीरज बवाना समेत बंबीहा गैंग के गैंगस्टर भी नामजद

पल्लवी शर्मा (पंजाब ब्यूरो हेड)
चंडीगढ़। देश में टारगेट किलिंग करवाने वाले गैंगस्टर्स पर दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कातिलों पर अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट (UAPA) लगा दिया गया है। गैंगस्टर लॉरेंस और गोल्डी बराड़ के अलावा उनके विरोधी बंबीहा गैंग के लक्की पटियाल, नीरज बवाना आदि पर भी इस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय की दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) अफसरों के साथ मीटिंग की। जिसके बाद केंद्र के आदेश पर यह एक्शन लिया गया है। इस संबंध में 2 केस दर्ज किए गए हैं।
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का 29 मई को मानसा में कत्ल किया गया। इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली। बंबीहा गैंग ने लॉरेंस गैंग से हत्या का बदला लेने का ऐलान किया है।
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का 29 मई को मानसा में कत्ल किया गया। इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली। बंबीहा गैंग ने लॉरेंस गैंग से हत्या का बदला लेने का ऐलान किया है।

•पहली FIR में लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर
पहली FIR में लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर नामजद किए गए हैं। जिनमें गैंग का मुखिया लॉरेंस, कनाडा बैठा गैंगस्टर गोल्डी बराड़, बिक्रम बराड़, काला जठेड़ी, जसदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया, सचिन थापन, लॉरेंस का भाई अनमोल और लखबीर सिंह लंडा शामिल हैं। इन्हें दिल्ली पुलिस को सोर्सेज से मिले इनपुट के आधार पर नामजद किया गया है। यह गैंग जेल के अलावा कनाडा, दुबई और पाकिस्तान से ऑपरेशन चला रहे हैं।

•दूसरी FIR में पटियाल, नीरज बवाना और भूप्पी राणा
दूसरी FIR बंबीहा गैंग और उसके करीबियों पर की गई है। इसमें गैंगस्टर दविंदर बंबीहा की मौत के बाद अर्मीनिया बैठ गैंग चला रहे गौरव उर्फ लक्की पटियाल, अमित डागर, कौशल चौधरी, नीरज बवाना, भूप्पी राणा, सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया, बाबा ढल्ला उर्फ गुरविंदर को शामिल किया है। अमित डागर और कौशल चौधरी मोहाली में अगस्त 2021 में हुए विक्की मिड्‌डूखेड़ा कत्लकांड के साजिशकर्ता हैं।

•आतंकी संगठनों के टच में गैंगस्टर
सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने गृह मंत्रालय को इनपुट्स दिए हैं कि कई गैंगस्टर आतंकी संगठनों के टच में हैं। भारत सरकार ने इन संगठनों को आतंकी की लिस्ट में डाला है। इन आतंकी संगठनों के साथ मिलकर यह गैंगस्टर भारत में टारगेट किलिंग कर सकते हैं।

•दिल्ली पुलिस करेगी पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक जिन गैंगस्टर्स पर UAPA का केस दर्ज किया गया है, उनमें से अधिकांश जेल में बंद हैं। केस दर्ज होने के बाद अब दिल्ली पुलिस इन्हें रिमांड पर ले सकती है। जिसमें इनसे पूछताछ कर इनके क्रिमिनल नेटवर्क को तोड़ा जाएगा। इनसे जुड़े शूटर्स और दूसरे गैंगस्टर्स को अरेस्ट कर जेल में डाला जाएगा।
9/01/2022 02:12:00 PM

मनमाने दामों पर बिक रहा नकली खरपतवार व कीटनाशक, किसानों की फसलें बर्बाद


करैरा। फसल में इस समय जमकर खरपतवार पनप रही है। वहीं कई जगह कीटों का प्रकोप भी दिखाई देने लगा है। जिसको लेकर किसान चितिंत नजर आ रहे हैं। उनकी चिंता का कारण दुकानों से खरीदे जा रहे कीटनाशक हैं, क्योंकि अधिकतर जगह छिड़काव की जा रही दवाएं बेअसर हो रही हैं तो कुछ जगह फसल चौपट हो रही है।

इतना ही नहीं जो दवाएं दुकानों पर बिक रही हैं, वे महंगे दाम के साथ ही कच्चे बिल पर दी जा रही हैं। जिससे किसान प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहा है, लेकिन कृषि विभाग की कार्रवाई भी दवाओं की तरह बेअसर साबित हो रही है। करैरा ब्लाक में कीटनाशक की 1 दर्जन से अधिक दुकानें है लेकिन समय रहते किसी दुकान की जांच नही की गई। नाम मात्र को किसानों की शिकायत पर 1-2 दुकानों के सेंपल लिए गए। जिसकी जांच रिपोर्ट दवाओं के छिड़काव के बाद आएगी। इससे किसानों को समय पर जानकारी नहीं मिल पाएगी कि किन दवाओं का उपयोग फसल के लिए सही रहेगा।

किसान दवाएं नकली होने की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई की गति धीमी है। करैरा क्षेत्र के लगभग 125 गांवों के हजारों किसानों द्वारा क्षेत्र भर की 100 से अधिक दुकानों से खरपतवार नाशक और कीटनाशक खरीदा जाता है। लेकिन कृषि विभाग की उदासीनता के कारण किसानों को गुणवत्ता वाली दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। वहीं हर दुकानदार कच्चे बिल पर और महंगे दाम पर दवाएं बेच रहा है।

किसानों की मानें तो क्षेत्र में कई दुकानों पर इस समय नकली दवाएं बेची जा रही हैं। इनका फसलों पर लगे कीटों पर कोई असर नहीं हो रहा है। सोयाबीन व धान की फसल का अंकुरण देर से होने के बाद किसानों को फसल में कीटनाशक व खरपतवार दवा का छिड़काव करना पड़ रहा है, लेकिन किसानों को दवाएं विभिन्न कंपनियों के नाम से महंगे दामों पर विक्रय की जा रही हैं। किसानों का कहना है कि जो दवाएं इस समय दुकानों पर बेची जा रही हैं, वह फर्जी कंपनियों की होने के कारण ठीक ढंग से न तो खेतों से चारा समाप्त कर पा रही हैं और न ही कीट लगने पर कीट समाप्त हो रहा है।


•नहीं दिया जा रहा पक्का बिल

किसानों का कहना है कि दवा विक्रेता दवा खरीदने पर पक्का बिल न देकर कच्‍चा बिल थमा रहे हैं। साथ ही महंगे दाम में भी दवाएं दी जा रही हैं। इससे विक्रेताओं को अच्छा मुनाफा हो रहा है, लेकिन किसान दवा बेअसर होने और फसल को नुकसान पहुंचने पर कच्चे बिल के कारण उपभोक्ता फोरम में दावा भी नहीं कर पा रहे हैं।


केस-1 ग्राम ढिगवास में 150 बीघा की फसल बर्बाद

करैरा अनुविभाग के मगरौनी क्षेत्र में आने वाले गांव ढिगवास के किसानों की 150 बीघा में लगी धान की फसल नकली दवा के छिड़काव से नष्ट हो गयी। किसानों ने कलेक्ट्रेट और तहसील पहुंचकर इसके संबंध में शिकायत की। किसानों ने कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि उन्होंने खरपतवार नाशक दवा मां कालका ट्रेडर्स मगरौनी स्थित दुकान से खरीदी थी। इस दवाई का प्रयोग खेतों में करते ही दो दिनों के भीतर ही पूरी धान की फसल बर्बाद हो गई है।


केस-2 करैरा में खरपतवार नाशक के छिड़काव से 80 बीघा की फसल बर्बाद

घास मारने वाली दवा के छिड़काव से करीब 3 दर्जन से अधिक किसानों की करीब 70-80 बीघा में बोई मूंगफली की फसल नष्ट हो गई, इनमें ग्राम मुंगावली, मछावली, दवरा आदि ग्राम के किसान शामिल है, पीड़ित किसानों का आरोप था कि उन्होंने गेड़ा एजेंसी नामक दुकान जो पुलिस चौकी करैरा के पास है से घास मारने वाली दवा खरीदी थी एवं दुकानदार द्वारा बताए गए तरीके से दवा मिलाकर उसका छिड़काव किया था मगर करीब 8 दिन बाद मूंगफली की फसल नष्ट हो गई, जब दुकानदार के पास पीड़ित किसान पहुचें तो उन्हें यह कहकर दुकानदार ने भगा दिया। किसानों ने इस संबंध में एसडीएम दिनेशचंद्र शुक्ला को ज्ञापन देकर अमानक दवा बेचने वाले और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई और फसल नष्ट होने पर सहायता राशि की मांग की थी।

Friday, May 20, 2022

5/20/2022 10:05:00 AM

बिना रॉयल्टी रेत ले जा रहा ट्राला पकड़ा, अवैध खनन पर भरना होगा 30 गुना जुर्माना, खनिज अधिकारी बोले सूचना दो होगी कार्रवाई

 


करैरा। खनिज विभाग ने सुनारी चौकी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे एक ट्राला को पकड़ा है। जिला खनिज अधिकारी पीके भदकारिया को सूचना मिली कि सुनारी चौकी क्षेत्र में अवैध रूप से एक ट्राला रेत का परिवहन कर रहा है। इस सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्यवाही करते हुए खनिज विभाग के द्वारा एक ट्राला वाहन एमपी 07 एचबी 9560 को अभिरक्षा में लिया गया और उसे सुनारी चौकी में रखवाया गया। इस दौरान थाने में शिकायती पत्र देते हुए बताया गया कि उक्त वाहन जांच के समय अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहा था जिसे पकड़ा गया और उक्त वाहन को अग्रिम आदेश तक अपनी अभिरक्षा में रखा जाए। उल्लेखनीय है कि करैरा में होने वाले अवैध परिवहन में सुनारी चौकी क्षेत्र से ही डंपरों को निकलना होता है। यह क्षेत्र अवैध रेत खनन के लिए बदनाम भी है।

•अवैध उत्खनन की तत्काल दें सूचना

खनिज अधिकारी पीके भदकारिया ने आमजन से अपील की है कि कोई खदान यदि अवैध रूप से संचालित हो रही है तो उसकी जानकारी खनिज शाखा को दें। कोई भी व्यक्ति, संस्था, पंचायत, नगर पालिका, पत्रकार आदि इस प्रकार की जानकारी तत्काल खनिज अधिकारी को लिखित, मौखिक, ई-मेल, समाचार पत्रों के माध्यमों से दे सकता है। जिससे अवैध माइनिंग पर नियमानुसार कार्यवाही कर रोक लगाई जा सकें। 

इनका कहना है

हमें सूचना मिली थी कि एक ट्राला वाहन में अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है जिसे मौके पर पहुंचकर पकड़ा गया और सुनारी चौकी पुलिस की अभिरक्षा में आगामी आदेश तक कार्यवाही के लिए रखा गया है। इसके साथ ही पर्यावरण और खनिज विभाग के नियमों के मुताबिक की जाने वाली कार्यवाही के तहत 30 प्रतिशत जुर्माने की कार्यवाही की जाएगी। अन्यथा की स्थिति में वाहन को जब्त कर लिया जाएगा।

आरपी भदकारिया, खनिज अधिकारी

Sunday, May 1, 2022

5/01/2022 05:05:00 AM

अधिकारियों के घर फ्री की सब्जी उपलब्ध कराने के चक्कर मे नही हट रहा सब्जी मंडी रोड से जाम

करैरा। सुबह मंडी के समय व्यापारी बीच सड़क पर सब्जी लगाकर सड़क पर जाम लगवा देते है। जिस जगह यह सड़क पर थोक मंडी लगाते हैं। वह बस स्टैंड जाने का रास्ता है। सुबह के समय इनकी वजह से बसें तो छोड़ो दोपहिया वाहन तक नही निकल पाता है। जिससे स्थानीय नागरिक काफी परेशान हैं। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इसके खिलाफ कोई कदम नही उठा रहे हैं।

बस स्टैंड के बाहर मेन रोड पर प्रतिदिन सुबह 5:00 बजे से 9:00 बजे तक जाम लग जाता है इस जाम लगने के कारण दोनों तरफ का ट्रैफिक एक ही रोड पर चलता है और एक रोड पर चलने के कारण आवागमन अवरुद्ध हो जाता है इस को लेकर स्थानीय नागरिकों ने कई बार प्रशासन को बताया। हाल ही में शांति समिति की आयोजित बैठक में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से स्थानीय पत्रकारों ने उठाया, परंतु प्रशासन ने इस मुद्दे को बड़े हल्के में ले कर टाल दिया। जबकि रोड पर जाम लगना व लगाना दोनों अपराध की श्रेणी में आता है। इसका उत्तर दायित्व स्थानीय प्रशासन, नगर पंचायत एवं पुलिस का है। फिर भी रोड से जाम नहीं हटाया जाता। उल्लेखनीय है कि थोक सब्जी मंडी के लिए स्थानीय कृषि उपज मंडी में पूर्व से जगह चयनित है। परंतु थोक सब्जी मंडी आड़तियां मंडी में जाने को तैयार नहीं है तथा पूर्व में उक्त सब्जी की थोक मंडी दुकानों के पीछे जमीनों पर लगाई जाती थी। परंतु दो-तीन साल से ही यह मंडी पीछे की जगह मेन रोड पर लगाई जाने लगी है। कुछ सब्जी विक्रेताओं ने दबी जुबान यह भी कहा कि हमारी व्यवस्था मैं कोई अवरोध नहीं बन सकता, क्योंकि हमारी सुविधा शुल्क (फ्री में सब्जी) स्थानीय स्तर के कई अधिकारी-कर्मचारीयों के यहां तो जाती ही है साथ ही कई जनप्रतिनिधि भी सब्जी फ्री में ले रहे हैं। आखिर स्थानीय प्रशासन उक्त जाम पर कब निर्णय लेगा, यह जाम हटाया भी जाएगा या कोई बड़ी दुर्घटना के इंतजार में प्रशासन तबतक मूक दर्शक बना रहेगा।


एसडीएम करैरा डीसी शुक्ला ने बताया कि कुछ दिन पहले ही हम मंडी में गए थे। जरूरी काम की वजह से भोपाल जाना पड़ गया। मैं जल्द सब्जी फल मंडी व्यापारियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर ही खरीद फरोख्त के निर्देश दूंगा।

Saturday, April 30, 2022

4/30/2022 09:32:00 PM

तहसील परिसर में ईद एवं परशुराम जयंती के सम्बंध में हुई शांति समिति की बैठक, यह रहे प्रमुख मुद्दे


करैरा। आगामी त्योहारों को लेकर तहसील परिसर में बने कांफ्रेंस हाल में आज शनिवार शाम को शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एसडीएम डीसी शुक्ला, एसडीओपी जीडी शर्मा, थाना प्रभारी सतीश चौहान ने नागरिकों से शांति और सौहार्द पूर्ण तरीके से ईद एवं परशुराम जयंती का त्योहार मनाने की अपील की। इस दौरान शांति समिति की बैठक में उपस्थित संभ्रात नागरिकों, व्यापारियों, पत्रकारों, जन प्रतिनिधियों के साथ आगामी त्योहारो को लेकर विचार विमर्श किया गया। विचार -विमर्श के बाद अधिकारियों ने सभी से सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि आगामी जो दोनो त्योहार आ रहे है उनको लेकर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा तो बेहतर व्यवस्था की ही जाएगी। इसके साथ ही सभी से अपील करते हुए कहा कि गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी सभी आपसी भाईचारे और मिलजुल कर पर्वो को मनाए। 

उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि जो गणमान्य नागरिको के द्वारा सुझाव आए है उस दिशा में साफ सफाई व जलप्रदाय व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था को सुद्रढ़ तरीके से पूर्ण कराए जिससे आने वाले त्योहारो में लोगों को परेशानी का सामना न करना प़ड़े और यह व्यवस्थाएं समय सीमा में कराना सुनिश्चित करे। नगर में पुलिस गश्त, सीसीटीवी कैमरे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आदि के सुझाव पर उन्होंने लोगो को हर संभव व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर शहर काजी मंजरे आलम, सुरेश बंधु, इकबाल खान, दिलीप यादव, असलम खान चिक्कू, रहीश खान, हिमायु खान, मलखान यादव, शैलू खान, महेंद्र बघेल, अशोक दुबे, नरेंद्र तिवारी, हिर्देश पाठक, संजय बिलैया, विरजेश पाठक, दुर्ग सिंह लोधी, हेमंत शर्मा, संजीव जोशी, रविन्द्र नरवरिया, केपी यादव, जितेंद्र सिंह बैस सहित नागरिक मौजूद रहे।

Thursday, April 28, 2022

4/28/2022 03:58:00 AM

अब दिन के साथ रात में हो रही शहर की अभियान चलाकर सफाई, क्षेत्रवासिओं को किया जा रहा जागरूक

करैरा। नगर परिषद ने नगर में स्वच्छता अभियान के तहत दिन में साफ सफाई के साथ रात्रिकालीन सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सफाईकर्मियों की टीम वार्डवार सफाई कर रही है। वहीं आमजन को सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है।



नगर परिषद सीएमओ मधुसूदन श्रीवास्तव व सफाई निरीक्षक सुभाष नरवारे के निर्देशन में सफाई कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सफाईकर्मियों के हड़ताल पर जाने से व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी। जिन्हें सुचारू करने के लिए अब दिन के साथ ही रात में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही आम नागरिकों की सुविधा के लिए सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई करवाई गई है। 


जल्द ही फागिंग करवाकर मच्छतरजनित बीमारियों को खत्म करने हेतु वार्डवार कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव किया जाएगा। साथ ही नगर से निकलने वाले कचरे व सेप्टिक टैंक का मल ट्रेंचिंग ग्राउंड पर स्थित फीकल व स्लज प्लांट पर डाला जाएगा।


• मुख्य बाजार में चलाया सफाई अभियान

करैरा कस्बे के मुख्य बाजार कच्ची गली में आज रात्री सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें झाड़ू लगाकर सफाई की गई साथ ही नालियों की भी सफाई की गई। दुकानदारों से भी कचरा गाड़ी में डालने की अपील परिषद कर्मचारी करते नजर आए।

Thursday, March 17, 2022

3/17/2022 08:35:00 PM

नगर पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत: भाजपा की पदमा माहेश्वरी बनी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर उषा ने जीत दर्ज की

-कांग्रेस प्रत्याशी को कांग्रेस पार्षदों ने ही नहीं दिया वोट-

शिवपुरी। जिले की नरवर नगर पंचायत में हाईकोर्ट के निर्देश पर कराए गए नगर पंचायत चुनावों में अध्यक्ष उपाध्यक्ष का निर्वाचन गुरुवार को संपन्न हो गया। अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी पदमा संदीप माहेश्वरी ने कांग्रेसी प्रत्याशी सपना धर्मेंद्र कुशवाह को 13 वोट से पराजित कर जीत दर्ज की। 6 मार्च को हुए मतदान में 15 पार्षद चुने गए थे। 9 मार्च को इनके परिणाम आए थे और 17 मार्च को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन होना था। नगर पंचायत चुनावों में गुरुवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन में भाजपा की प्रत्याशी पदमा संदीप माहेश्वरी ने अध्यक्ष पद हासिल कर लिया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की उषा गुर्जर चुनी गई।


• कांग्रेस की हुई जग हसाई

अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी के लिए एक प्रस्तावक और एक समर्थक की आवश्यकता होती है। लेकिन कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को महज दो मत ही मिले। जिनमें एक मत प्रत्याशी का सम्मिलित है। जबकि कांग्रेस के 4 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। बाकी देश के कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को महज 2 वोट ही मिल सके। कुल मिलाकर पार्षद चुने जाने के बाद से ही यह तय माना जा रहा था की पदमा संदीप महेश्वरी एकतरफा मुकाबले में जीत दर्ज करेंगी। और नतीजे भी उसी तरह सामने आए। खास बात यह रही कि कांग्रेस प्रत्याशी सपना धर्मेंद्र कुशवाह के प्रस्तावक और समर्थक में से भी किसी एक ने ही उन्हें अपना वोट दिया। जिसकी वजह से उन्हें स्वयं के वोट सहित 2 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। पार्षद चुने जाने के बाद से ही जो तस्वीर सामने आई थी, तभी से कांग्रेस के हौसले पस्त थे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भाजपा पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया था। तभी यह साफ हो गया था कि मुकाबला एक तरफा रहेगा। इस तरह नगर पंचायत चुनाव में पूरी तरह भाजपा ने अपना कब्जा कर लिया।

Monday, February 21, 2022

2/21/2022 07:04:00 PM

दरोगा ने शादीशुदा महिला से किया बंदूक की नोक पर रेप

उज्जैन ,मध्यप्रदेश। उज्जैन में एक एसआई पर रेप का मामला दर्ज हुआ है। खास बात ये है कि जिस थाने में कभी सब इंस्पेक्टर रहकर रौब झाड़ा था, उसी थाने में उसके खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया है। रविवार को एक महिला ने एसआई विकास देवड़ा के खिलाफ रेप, जान से मारने की धमकी और संपत्ति हड़पने की साजिश रचने का केस दर्ज कराया है। रात में ही थाने में काफी हंगामा भी हुआ। केस दर्ज होने पर एसआई माफी मांगने लगा। ASP आकाश भूरिया ने एसआई को सस्पेंड कर दिया है। मामला चिमनगंज मंडी थाने का है।

इंदौर की रहने वाली महिला रविवार रात पति के साथ चिमनगंज मंडी थाने पहुंची। यहां उसने लाइन में पदस्थ SI विकास देवड़ा पर आरोप लगाए। विकास पहले चिमनगंज थाने में ही पदस्थ था। एक महीने पहले ही उसे लाइन अटैच किया गया था। महिला ने आरोप लगाया कि 2 दिन पहले उज्जैन के राज रेसीडेंसी के फ्लैट नंबर 104 में देवड़ा ने उसके साथ मारपीट की। इससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। महिला ने देवड़ा पर पिछले एक महीने से रेप करने और पति को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए। एसआई भी शादीशुदा है।

महिला ने बताया कि पति से विवाद होने के बाद वह अलग रहने लगी थी। इस बीच देवड़ा ने फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। महिला ने आरोप लगाए कि दोस्ती बढ़ने पर एसआई ने झांसे में लेकर वर माला डालने के फोटो ले लिए। इसके बाद सर्विस रिवॉल्वर की नोंक पर रेप किया। महिला ने ये भी कहा कि SI मेरी संपत्ति पर अधिकार जमाना चाहता था। रविवार रात SI विकास देवड़ा ड्यूटी पर था। जैसे ही उसे महिला के थाने पहुंचने की खबर लगी, तो वह भी पहुंच गया। यहां कार्रवाई नहीं करने के लिए हाथ-पैर जोड़ कर माफी मांगता रहा। इस बीच, महिला के पति ने भी देवड़ा को खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद रात को ही SI के खिलाफ केस दर्ज कराया।

महिला और एसआई के बीच करीब एक महीने पहले शुरू हुई दोस्ती इतनी बढ़ गई थी कि महिला देर रात तक थाने में बैठी रहती थी। विकास ने महिला को आगर रोड स्थित राज रेसीडेंसी में घर दिलवा दिया था। इसकी शिकायत एसपी तक पहुंची। इसके बाद कुछ दिन पहले एसआई को लाइन अटैच कर दिया गया था। चिमन गंज थाना प्रभारी जितेंद्र भास्कर ने बताया कि विकास देवड़ा के खिलाफ धारा 376 सहित मारपीट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच की जा रही है। इसके साथ ही SI को सस्पेंड कर दिया गया है।

2/21/2022 06:55:00 PM

चौरसिया बने करैरा के प्रभारी तहसीलदार, पदभार संभाला


करैरा, शिवपुरी। करैरा में पदस्थ प्रभारी तहसीलदार सतेंद्र गुर्जर का स्थानांतरण इंदौर होने पर कलेक्टर शिवपुरी अक्षय कुमार सिंह ने गतदिवस उन्हें इंदौर के लिए कार्यमुक्त कर दिया था। उनके स्थान पर करैरा तहसीलदार का प्रभार बदरवास में पदस्थ नायव तहसीलदार दिनेश चौरसिया को सौंपा है, चौरसिया अब करैरा के प्रभारी तहसीलदार का काम भी अपनी मूल पदस्थापना के साथ देखेगे। आज उन्होंने करैरा आकर चार्ज संभाला। अवसर पर पटवारी अतुल पांडेय, नीरज लोधी, श्रीमती उषा भेन्या, तहसील स्टाफ मनीष नाथ, अनिल सागर सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Thursday, October 14, 2021

10/14/2021 04:42:00 AM

रहस्यमयी बुखार से 24 घंटे में 7 बच्चों समेत 8 की मौत से हड़कंप


उत्तरप्रदेश (आगरा) में डेंगू (dengue) और रहस्यमयी बुखार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. रहस्यमयी बुखार से 24 घंटे के भीतर 8 मरीजों की मौत हो गई. इसमें 7 बच्चे शामिल हैं. इन मामलों में तेजी आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है, वहीं लोगों में भी दहशत देखी जा रही है.
आगरा में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लगातार प्रयास के बावजूद बुखार और डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. 24 घंटे में 8 लोगों की मौत से जनपद में हाहाकार मच गया. आगरा जिले में हालात की गंभीरता को देखते हुए सभी प्रभावित क्षेत्रों में 26 अधिकारी तैनात कर दिए हैं. इसके अलावा स्वास्थ्य महकमा लगातार प्रभावित इलाकों में कैम्प कर रहा है. आगरा के सीएमओ डॉक्टर श्रीवास्तव दिन भर बाह क्षेत्र के गांव में भ्रमण करते रहे. इस बीच डेंगू और बुखार पीड़ितों की संख्या इतनी ज्यादा है कि जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और प्राइवेट अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज भर्ती हैं.
आगरा में बुखार से जिन 8 लोगों की मौत हुई है उसमें डौकी में चार अकोला, बिचपुरी, पिनाहट में एक एक बच्चे की मौत हुई है. इसके अलावा बरहन में बुखार पीड़ित महिला की मौत हो गई. लगातार पूरे जनपद में जगह-जगह स्वास्थ्य महकमा कैंप लगाकर बुखार पीड़ितों के इलाज में जुटा है, लेकिन हालात अभी काबू में नजर नहीं आ रहे हैं. जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर अशोक अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में हर दिन 500 से ज्यादा बुखार से पीड़ित लोग आ रहे हैं. डेंगू वार्ड में पीड़ितों के इलाज के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं. लगातार मेडिकल स्टाफ दिन-रात निगरानी करता है.